Loading...

डीएम ने कस्तूरबा विद्यालय व डायट नगला अमान का किया औचक निरीक्षण, छात्राओं संग बैठकर किया भोजन

Gargachary Times 5 August 2026, 20:37 36 views
Firozabad
डीएम ने कस्तूरबा विद्यालय व डायट नगला अमान का किया औचक निरीक्षण, छात्राओं संग बैठकर किया भोजन
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, ब्लॉक नारखी, नगला अमान स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) नगला अमान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पठन-पाठन, छात्राओं की सुरक्षा, विद्यालय के बुनियादी ढांचे एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया तथा स्वयं भोजन की गुणवत्ता और स्वाद की जांच की। स्मार्ट क्लास का अवलोकन करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीकी एवं आधुनिक शिक्षा का है, इसलिए बालिकाओं को अधिक से अधिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ा जाए, ताकि उनके शैक्षिक स्तर में गुणात्मक सुधार हो सके।जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार को परिसर में और अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, जिससे छात्राओं की सुरक्षा और मजबूत हो सके। साथ ही उन्होंने पूरे परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए। छात्राओं को प्रेरित करते हुए डीएम ने कहा कि वे बड़े लक्ष्य निर्धारित करें, निरंतर मेहनत करें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इसके बाद जिलाधिकारी ने डायट नगला अमान में संचालित बाल वाटिका एवं निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24