वृन्दावन में भू-माफिया पर कब्जे का आरोप, बैनामा शुदा जमीन और मुख्य रास्ते पर जड़ा ताला
Gargachary Times
7 August 2026, 20:14
66 views
Mathura
वृन्दावन में जमीन पर अवैध कब्जे और दबंगई का कथित मामला सामने आया है। मौजा राजपुर बांगर क्षेत्र में दो बैनामा शुदा भूखंडों और उनके मुख्य रास्ते पर कब्जा कर गेट और ताला लगाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ितों ने स्थानीय पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा से न्याय की गुहार लगाई है।
मामला वृन्दावन थाना कोतवाली क्षेत्र के मौजा राजपुर बांगर का है। पीड़ित निर्मला देवी निवासी ज्ञानगुदड़ी, वृन्दावन और दिनेश कुमार निवासी झांसी के अनुसार, उन्होंने 22 नवंबर 2018 को खसरा संख्या 648 में पंजीकृत बैनामे के माध्यम से दो भूखंड खरीदे थे।
पीड़ितों का आरोप है कि मयूर विहार निवासी पोहप सिंह ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उनके भूखंडों के मुख्य रास्ते पर जबरन गेट लगाकर उसमें ताला जड़ दिया और आवागमन बाधित कर दिया।
पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया है कि कब्जे का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा दोबारा जमीन पर आने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में 30 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली वृन्दावन में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन आरोप है कि अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
कार्रवाई न होने से परेशान पीड़ितों ने अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
फिलहाल मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंच चुका है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और कथित कब्जे व धमकी के आरोपों पर क्या कार्रवाई की जाती है।