Loading...

कुरकंदा का शमशान डूबा, अंतिम संस्कार के लिए मथुरा जाना पड़ा

Gargachary Times 7 August 2026, 20:17 45 views
Mathura
कुरकंदा का शमशान डूबा, अंतिम संस्कार के लिए मथुरा जाना पड़ा
फरह। विकास खंड फरह के कुरकंदा गांव में बारिश के कारण सरकारी व्यवस्थाएं ध्वस्त नजर आईं। शुक्रवार को वृद्धा बसंती देवी के निधन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए भी गांव में व्यवस्था नहीं जुटा सके। गांव का श्मशान घाट पानी में डूबा होने और रास्ते कीचड़ से लबालब होने के कारण परिजनों को शव लेकर मथुरा के मोक्षधाम जाना पड़ा। परिजनों के अनुसार बारिश के चलते गांव के श्मशान घाट में चारों ओर पानी भर गया है। श्मशान तक जाने वाला कच्चा रास्ता भी पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुका है। शव को कंधे पर लेकर वहां तक पहुंचना संभव नहीं था। करीब दो घंटे तक प्रयास करने के बाद मजबूरन परिजन शव को वाहन से मथुरा ले गए। ग्रामीण प्रमोद और संजय ने बताया कि श्मशान और रास्ते की बदहाली की शिकायत कई बार अधिकारियों से की जा चुकी है। हर बारिश में यही स्थिति बनती है। श्मशान स्थल पर बारिश से बचाव के लिए टीनशेड, बैठने की जगह और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जीवित व्यक्ति किसी तरह कीचड़ पार कर लेता है, लेकिन शव को इस हालत में ले जाना बेहद कष्टदायक है। अंतिम संस्कार जैसे पवित्र कार्य के लिए 25 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। गांव वालों ने प्रशासन से मांग की है कि श्मशान घाट का पक्कीकरण कराया जाए, वहां टीनशेड और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा श्मशान तक जाने वाले रास्ते को पक्का किया जाए। इस मामले में अधिकारियों से पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन फोन नहीं उठा। मुख्य विकास अधिकारी के स्टेनो ने बैठक में व्यस्त होने की बात कहकर फोन काट दिया।
Follow Samachar24