कांवड़ यात्रा को लेकर शराब दुकानों पर आबकारी विभाग की नजर
Gargachary Times
7 August 2026, 20:19
41 views
Firozabad
फिरोजाबाद: जिलाधिकारी के आदेश तथा उप आबकारी आयुक्त आगरा प्रभार एवं जिला आबकारी अधिकारी फिरोजाबाद के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 फिरोजाबाद ने टीम के साथ क्षेत्र की फुटकर मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों की व्यवस्थाओं और निर्धारित नियमों के अनुपालन की जांच की गई।निरीक्षण के दौरान आबकारी अधिकारियों ने दुकानदारों को दुकान परिसर में साफ-सफाई रखने तथा दुकान के बाहर मदिरा का सेवन न करने देने के निर्देश दिए। ग्राहकों की मांग के अनुसार विभिन्न ब्रांडों की उपलब्धता बनाए रखने और पर्याप्त स्टॉक रखने को भी कहा गया।
अधिकारियों ने दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को लगातार संचालित रखने, पीओएस मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री करने, अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मदिरा की बिक्री निर्धारित मूल्य पर ही करने की हिदायत दी गई।
कांवड़ मार्ग की दुकानों पर पर्दे लगाने के निर्देश
कांवड़ यात्रा को देखते हुए आबकारी टीम ने दुकानदारों को पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी दुकानों पर पर्दे लगाने और आसपास विशेष साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
आईजीआरएस शिकायतों की मौके पर जांचनिरीक्षण के दौरान आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की भी मौके पर जाकर जांच की गई। आबकारी अधिकारियों ने शिकायतों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।