जिलाधिकारी और एस.पी.ने काली नदी के समीप पुलिस चौकी पर कांवड़ियों का किया स्वागत
Gargachary Times
8 August 2026, 20:59
76 views
Mainpuri
मैनपुरी - जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी नेे पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा के साथ फर्रूखाबाद बॉर्डर के समीप स्थित काली नदी पुलिस चौकी पहुंच गंगा नदी से पवित्र जल लेने कांवड़ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं, कांवड़ियों से आत्मीय संवाद कर उनकी यात्रा के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें सफल, सुरक्षित एवं सुखद् यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ अपनी यात्रा पूर्ण करें। अधिकारी द्वय ने काली नदी पुलिस चौकी पर कांवड़ियों से बातचीत करते हुए यात्रा के दौरान सुविधाओं के बारे में जानकारी ली, श्रद्धालुओं से उनके गंतव्य, यात्रा मार्ग तथा प्रतिदिन तय की जा रही दूरी के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की, कस्बा बेवर क्षेत्र के ग्राम दहेड़ नि. कांवड़िया अवनीश एवं सुभाष से भी अधिकारियों ने संवाद किया, कांवड़ियों ने बताया कि वह जनपद फर्रूखाबाद स्थित गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेने हेतु यात्रा पर निकले हैं, उनका उद्देश्य गंगाजल लेकर गोला-गोकर्णनाथ पहुंचकर वहां भगवान शिव के दर्शन एवं पूजन करना है इसके उपरांत वह पूर्णागिरि मंदिर में दर्शन करेंगे और फिर वापस अपने जनपद लौटेंगे, श्रृद्धालुओं, कांवड़ियों ने बताया कि पूरी यात्रा के दौरान वह प्रतिदिन लगभग 120 कि.मी. साइकिल चलाकर यात्रा पूरी करेंगे।
उन्होंने श्रद्धालुओं की आस्था और संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक यात्राएं हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, प्रशासन का प्रयास है कि यात्रा मार्ग पर कांवड़ियों को आवश्यक मूल-भूत सुविधाएं, सुरक्षा, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सेवा, सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है। उन्होने कांवड़ियों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने, निर्धारित मार्ग एवं सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान तहसीलदार भोगांव घासीराम, प्रभारी निरीक्षक बेवर अनिल कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।