डीएम ने फावड़ा उठाकर किया श्रमदान, स्वच्छता के लिए दिया सामूहिक सहभागिता का संदेश
Gargachary Times
8 August 2026, 21:22
43 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को जिलाधिकारी कॉलोनी में अधिकारियों के साथ सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने स्वयं फावड़ा उठाकर सफाई में श्रमदान किया और कॉलोनीवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
सफाई अभियान में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय सहित उप जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने मंदिर के पास स्थित जागरण पंडाल तथा बारातघर के आसपास स्वयं फावड़ा चलाकर सफाई की। उनके साथ मौजूद अधिकारियों ने भी श्रमदान करते हुए सफाई अभियान में सहभागिता की।
अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने पैदल चलकर पूरी कॉलोनी का जायजा लिया और सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉलोनीवासियों से संवाद करते हुए कहा कि स्वच्छता को किसी एक अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि समय-समय पर अपने आसपास सफाई करते रहना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाने में प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। स्वच्छता केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी का सामूहिक संकल्प है।उन्होंने नगर निगम एवं नगर पंचायत से संबंधित अधिकारियों को जगह-जगह कूड़ेदान रखने और उन्हें प्रतिदिन खाली कराने के निर्देश दिए, ताकि लोग कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें। सफाई अभियान के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
डीएम का स्वयं फावड़ा उठाकर सफाई अभियान में श्रमदान करना अधिकारियों और आमजन के लिए स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का प्रेरणादायक संदेश रहा।