कांवड़ यात्रा के द्वितीय सोमवार को लेकर डीएम-एसएसपी ने किया रूट निरीक्षण, दिए सुरक्षा के निर्देश
Gargachary Times
8 August 2026, 21:25
48 views
Firozabad
फिरोजाबाद। कांवड़ यात्रा के द्वितीय सोमवार को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शिकोहाबाद और नसीरपुर कट के आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही रूट डायवर्जन, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर की गई तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ ही निर्धारित रूट डायवर्जन का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए। भीड़ वाले स्थानों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।अधिकारियों ने साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को ड्यूटी स्थल पर मुस्तैद रहने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा।प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के निरीक्षण से स्पष्ट है कि द्वितीय सोमवार को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।