10 घंटे में फिरोजाबाद पुलिस के दो हॉफ एनकाउंटर, दूसरा बदमाश भी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
Gargachary Times
9 August 2026, 21:08
62 views
Firozabad
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार जारी है। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बीच महज 10 घंटे के भीतर पुलिस ने दूसरे बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान बदमाशों के पैर में गोली लगी।ताजा मामला थाना रसूलपुर क्षेत्र के मोड़ा तिराहा का है। पुलिस के मुताबिक चेकिंग के दौरान एक बदमाश को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से संदीप घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी तमंचा, कारतूस, बाइक और लूट का माल बरामद करने का दावा किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह संदीप ने गांव खंजापुर स्थित अमरूद के बाग की रखवाली कर रही एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया था। आरोप है कि बदमाश महिला से लूटपाट कर मौके से फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। मोड़ा तिराहा पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने घेराबंदी की, जिसके बाद मुठभेड़ हो गई।इस कार्रवाई से करीब 10 घंटे पहले थाना दक्षिण पुलिस ने भी मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश रामजीत को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में रामजीत के पैर में गोली लगी थी। उसके कब्जे से लूटी गई पाजेब, 315 बोर का तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किया गया था।
महज 10 घंटे के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन पुलिस मुठभेड़ों से जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती का संदेश गया है। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के आपराधिक इतिहास और घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच शुरू कर दी है।