विकास भवन में सजा तिरंगा मेला, डीएम और विधायक ने दिया देशभक्ति का संदेश
Gargachary Times
11 August 2026, 20:45
44 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सोमवार को विकास भवन परिसर में भव्य तिरंगा मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सहभागिता कर आम नागरिकों और बच्चों को राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से संबंधित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए तिरंगा झंडों का भी बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया गया।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय गौरव, अस्मिता और देशप्रेम का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में रंगोली, वाद-विवाद, निबंध, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तिरंगा बनाने के कार्य की भी उन्होंने सराहना की।डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर अवश्य अपलोड करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिका और नगर निगम से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाए, जिससे प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति और स्वावलंबन की भावना मजबूत हो।
सदर विधायक मनीष असीजा ने बच्चों और युवाओं से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और संघर्षों के बारे में पढ़ने की अपील की। उन्होंने भगत सिंह सहित अनेक क्रांतिकारियों के बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि फिरोजाबाद के स्वतंत्रता सेनानी रामचंद्र पालीवाल ने भी स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने के साथ सामाजिक कार्यों के लिए पालीवाल हॉल, एमजी कॉलेज और तिलक इंटर कॉलेज के लिए भूमि दान की थी।
विधायक ने सभी नागरिकों और बच्चों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आन, बान और शान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष सतीश चंद्र दिवाकर, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, डीसी एनआरएलएम तूलिका श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।