Loading...

खड़ी रोडवेज बस में पीछे से जा घुसा ऑटो, एक ही परिवार के सात लोग घायल

Gargachary Times 11 August 2026, 20:46 36 views
Firozabad
खड़ी रोडवेज बस में पीछे से जा घुसा ऑटो, एक ही परिवार के सात लोग घायल
फिरोजाबाद। थाना टूंडला क्षेत्र में नेशनल हाईवे-2 पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सवारियों को उतार रही खड़ी रोडवेज बस में पीछे से एक ऑटो जा घुसा। हादसे में ऑटो सवार करीब सात लोग घायल हो गए। इनमें ऑटो चालक और एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रोडवेज बस एनएच-2 के ढलान पर सवारियों को उतार रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहा ऑटो बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।लोगों ने तत्काल घटना की सूचना टूंडला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टूंडला पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए दो घायलों को फिरोजाबाद रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के हैं और अपनी बीमार ननद को देखने आगरा गए थे। वहां से सभी लोग ऑटो से शिकोहाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान टूंडला क्षेत्र में यह हादसा हो गया। पुलिस ने घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Follow Samachar24