Loading...

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का किया आह्वान

Gargachary Times 11 August 2026, 20:49 39 views
Firozabad
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का किया आह्वान
देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से जनपद में “हर घर तिरंगा अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले के प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान एवं कार्यालय पर तिरंगा फैराया जा रहा है तथा आमजनमानस को अपने घरों में तिरंगा लगाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस को भव्य और दिव्य बनाने हेतु जनपद के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं स्थलों को तिरंगा लाइटिंग, कपड़े की सजावट तथा तिरंगा लगाकर सजाया गया है। जनपद के स्कूलों एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों द्वारा तिरंगा रैली निकाली जा रही है तथा लोगों को घर घर तिरंगा लगाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर पूरे सम्मान एवं गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और “हर घर तिरंगा” अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करे तथा विद्यालयों, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में लोगों को अभियान से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां का आयोजन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद के सभी दुकानदारों, होटलों, रेस्टोरेंटों, ढाबों, आश्रमों, धर्मशालाओं, पेट्रोल पंपों, गैस एजेंसियों, उद्यमियों, व्यापारियों आदि द्वारा अपने प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाने, कपड़े से सजावट तथा तिरंगा लाइटिंग से सजाने का कार्य दिनांक 13 अगस्त 2026 से किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अस्पतालों, अमृत सरोवरों एवं शहीद स्मारकों की सजाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन की भागीदारी से सफल बनाते हुए स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के उत्सव के रूप में मनाया जाए। भारत सरकार द्वारा वन्दे मातरम के तृतीय चरण के साथ "हर घर तिरंगा अभियान 2026" का आयोजन किया जा रहा हैं। इस कार्यक्रम को भौतिक एवं डिजिटल दोनों रूप में आयोजित किया जा रहा है। भौतिक रूप से तिरंगा फहराते हुए वन्दे मातरम का गायन किये जाने तथा डिजिटल सैलीब्रेशन के अन्तर्गत तिरंगा के साथ सैल्फी एवं वंदे मातरम के गायन को हर घर तिरंगा की वेवसाइट (www.harghartiranga.com) पर सैल्फी लेते हुए अपलोड किया जा रहा है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने समस्त शैक्षणिक संस्थाओं में प्रतियोगिता का आयोजन, शहीद स्थलों, मूर्तियों और तोरण द्वार की साफ़-सफ़ाई व रंग-रोगन, वीरों को नमन, यूथ कनेक्ट तिरंगा रैली, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वयं सहायता समूहों, एक जनपद एक उत्पाद व अन्य स्थानीय सामग्रियों के प्रदर्शन हेतु तिरंगा मेले का आयोजन करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केन्द्र/वृद्धाश्रमों/ निराश्रित आश्रमों/दिव्यांग आश्रमों एवं अन्य बाल सुधारगृहों में 15 अगस्त को कार्यक्रम आयोजित कर मिष्ठान वितरण करने के निर्देश दिए। स्कूल एवं कॉलेज में देशभक्ति गीतों का वादन एवं राष्ट्रभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाने के निर्देश दिए।
Follow Samachar24