पाढम क्षेत्र में गूंजे भारत माता के जयघोष, भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
Gargachary Times
13 August 2026, 07:16
48 views
Firozabad
जसराना। पाढम क्षेत्र में बुधवार को राष्ट्रभक्ति, एकता और देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से पूरे क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।तिरंगा यात्रा में समाजसेवी एवं लक्की अतुर्रा फाउंडेशन के अध्यक्ष तथा अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष लोधी देवेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने यात्रा में सहभागिता करते हुए राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उनके साथ मौजूद लोगों ने भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा को सफल बनाया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश के स्वाभिमान, संप्रभुता, त्याग और शौर्य का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
पाढम क्षेत्र में यात्रा के दौरान उमड़ा जनसैलाब और लोगों का उत्साह देखते ही बना। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल नजर आया। आयोजन ने लोगों में राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।