राजीव एकेडमी के तीन छात्रों का टाटा जुडियो में चयन, प्रतिष्ठित कम्पनी में सेवा का अवसर मिलने से खुशी की लहर
Gargachary Times
13 August 2026, 07:16
47 views
Education
मथुरा। राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, मथुरा के बीबीए अंतिम वर्ष (बैच 2024-27) के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने कैम्पस प्लेसमेंट ड्राइव में शानदार सफलता प्राप्त करते हुए देश की प्रतिष्ठित रिटेल कम्पनी टाटा जुडियो में सेवा का अवसर हासिल किया है। चयनित विद्यार्थियों में बादल भारद्वाज, मयंक मिश्रा एवं मोहित पाण्डेय शामिल हैं। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से संस्थान में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है।
कॉलेज में आयोजित ऑन-कैम्पस प्लेसमेंट ड्राइव के अंतर्गत टाटा जुडियो द्वारा सेल्स एसोसिएट पद के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। इस अवसर पर बीबीए एवं बी.ई.कॉम. अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया में प्री-प्लेसमेंट टॉक, ग्रुप डिस्कशन तथा एचआर इंटरव्यू शामिल थे, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपने ज्ञान, व्यक्तित्व एवं संचार कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए करियर की ऊंची छलांग लगाई है।
संस्थान के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान के लिए गौरव की बात है। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि राजीव एकेडमी में शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, उद्योग आधारित प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाता है। यही कारण है कि संस्थान के विद्यार्थी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कम्पनियों में लगातार चयनित हो रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी संस्थान के विद्यार्थी इसी प्रकार सफलता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे तथा संस्थान का नाम रोशन करेंगे।
राजीव एकेडमी के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और संस्थान द्वारा प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राजीव एकेडमी का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं बल्कि उन्हें उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाकर उत्कृष्ट रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चयनित छात्रों ने अपनी इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह हमारे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। इस सफलता के पीछे हमारे संस्थान का बेहतरीन शैक्षणिक माहौल और हमारे गुरुजनों का निरंतर मार्गदर्शन रहा है। शिक्षकों ने न केवल हमें तकनीकी रूप से मजबूत बनाया बल्कि इंटरव्यू और ग्रुप डिस्कशन के लिए भी विशेष रूप से तैयार किया।