अखंड भारत संकल्प दिवस: फरह में गूंजा एकता और अखंडता का संदेश
Gargachary Times
13 August 2026, 19:15
40 views
Mathura
फरह। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल जिला राया मथुरा के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को फरह में "अखंड भारत संकल्प दिवस" बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय गणमान्य लोगों ने भारत की एकता, अखंडता और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्" और "जय श्रीराम" के उद्घोष से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रांत संगठन मंत्री आदरणीय राजेश जी भाई साहब ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अखंड भारत का विचार हमारी प्राचीन सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रभावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों से भारत एक सांस्कृतिक राष्ट्र रहा है और हमें उस विरासत को बचाकर रखना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित में कार्य करें और समाज में एकता, भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत करें। "जब समाज संगठित होगा तभी राष्ट्र शक्तिशाली बनेगा" - इस मंत्र के साथ उन्होंने सभी से अपने दैनिक जीवन में देश सेवा को प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने आगे कहा कि अखंड भारत का सपना तभी साकार होगा जब हम अपनी संस्कृति, परंपरा और मूल्यों के प्रति गर्व महसूस करेंगे। देश की सीमाओं के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक सीमाओं को भी मजबूत करना होगा।
कार्यक्रम में विहिप एवं बजरंग दल के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान योगेश गौतम जी जिला अध्यक्ष, देवेन्द्र जी प्रांत सहसंयोजक, विनय जी जिला संगठन मंत्री, जितेंद्र सिंह उर्फ जीतू भैया जिला संयोजक, आकाश भट्ट जिला मंत्री, महेश जादोन सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने राष्ट्र की एकता को अटूट बनाए रखने और समाज में व्याप्त भेदभाव को मिटाकर समरसता का वातावरण बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव की रक्षा के लिए सामूहिक संकल्प लिया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।