Loading...

11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आए युवक की मौत, बाजार बंद कर व्यापारियों ने जताया विरोध

Gargachary Times 13 August 2026, 19:49 35 views
Firozabad
11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आए युवक की मौत, बाजार बंद कर व्यापारियों ने जताया विरोध
फिरोजाबाद। थाना एका क्षेत्र में छह अगस्त की रात 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसे उमेश कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई। बृहस्पतिवार तड़के करीब चार बजे लोटस अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उमेश की मौत की खबर मिलते ही एका कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। व्यापारियों ने बाजार बंद कर विद्युत विभाग के खिलाफ विरोध जताते हुए मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की।परिजनों के अनुसार छह अगस्त की रात विद्युत लाइन की चपेट में आने से उमेश गंभीर रूप से झुलस गए थे। उनका प्राथमिक उपचार फिरोजाबाद में कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें लोटस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे उनकी मौत हो गई।दोपहर करीब दो बजे उमेश का पार्थिव शरीर एका पहुंचा। नगर पंचायत कार्यालय के सामने पार्थिव शरीर रखे जाने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और व्यापारी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।करीब 30 मिनट तक चले प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। इस दौरान पूर्व नगर पंचायत प्रतिनिधि योगेश लोधी ने मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये की नगद आर्थिक सहायता दी। हंगामे की सूचना पर एसडीएम जसराना और थाना प्रभारी एका पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। व्यापारियों ने विद्युत विभाग की लापरवाही की जांच और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
Follow Samachar24