कस्तूरबा विद्यालयों की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 130 छात्राओं ने दिखाया दमखम नगर क्षेत्र की टीम रही विजेता
Gargachary Times
13 August 2026, 19:50
54 views
Firozabad
फिरोजाबाद: जनपद में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अनिल कुमार ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एका, नगरक्षेत्र एवं नारखी की कुल 130 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।कबड्डी प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एका की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि नगरक्षेत्र की टीम उपविजेता रही। खो-खो में नगरक्षेत्र की टीम विजेता और एका की टीम उपविजेता रही। बैडमिंटन में एका की टीम विजेता तथा नगरक्षेत्र की टीम उपविजेता रही।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में लंबी कूद में नगरक्षेत्र की लक्ष्मी प्रथम, एका की शिल्पी द्वितीय तथा एका की लक्ष्मी तृतीय स्थान पर रहीं। शॉटपुट में एका की पल्लवी प्रथम, नगरक्षेत्र की लताशा द्वितीय और नगरक्षेत्र की लक्ष्मी तृतीय रहीं। डिस्कस थ्रो में एका की पल्लवी ने प्रथम, नगरक्षेत्र की लक्ष्मी ने द्वितीय तथा नगरक्षेत्र की मानवी गुर्जर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
100 मीटर दौड़ में नगरक्षेत्र की मानवी गुर्जर प्रथम, नारखी की कामिनी द्वितीय और नगरक्षेत्र की बीनू तृतीय रहीं। वहीं 200 मीटर दौड़ में एका की काजल ने प्रथम, नगरक्षेत्र की लक्ष्मी ने द्वितीय तथा नारखी की उमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अनिल कुमार के साथ सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी फिरोजाबाद श्री ओमप्रकाश अकेला तथा जिला समन्वयक बालिका शिक्षा श्री अजय कुमार उपस्थित रहे।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विजेता टीमों एवं प्रतिभागी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मंडल एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। जिला स्तर पर विजेता रहने वाली टीमों एवं व्यक्तिगत स्पर्धाओं के विजेता प्रतिभागी अब मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।