सिरसागंज में ज्वैलर्स से सोने की चेन लूट का 20 घंटे में खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
Gargachary Times
14 August 2026, 21:38
41 views
Firozabad
फिरोजाबाद। सिरसागंज कस्बे के इटावा रोड स्थित पीपी ज्वैलर्स की दुकान से दो सोने की चेन लूटने की घटना का पुलिस ने महज 20 घंटे में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना सिरसागंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूटी गई 10 ग्राम वजन की एक सोने की चेन, 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। घटना में शामिल दूसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।पुलिस के अनुसार 13 अगस्त को करीब 2:55 बजे सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली टाटा नेक्सोन कार से दो युवक पीपी ज्वैलर्स पहुंचे थे। एक आरोपी कार में बैठकर निगरानी करता रहा, जबकि दूसरा ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ। उसने सोने की दो चेन अपने गले में पहन लीं और परिजनों को दिखाने की बात कहकर दुकान से बाहर निकल गया। दुकानदार द्वारा चेन वापस मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और साथी के साथ कार से फरार हो गया।
दुकानदार ने मोटरसाइकिल से आरोपियों का पीछा किया, लेकिन उन्होंने तमंचा दिखाकर धमकी दी और इटावा की ओर भाग निकले। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने 14 अगस्त को ईशू पुत्र वीरभान निवासी वेदपुरा, इटावा को दिहुली रोड स्थित नवनिर्मित कोल्ड स्टोर के पास कठफोरी से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अभिषेक के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक दोनों ने कार किराये पर लेकर गूगल मैप के जरिए ज्वैलर्स की दुकान तलाश की थी। लूटी गई दो चेन में से एक-एक चेन दोनों ने बांट ली थी।
फरार आरोपी अभिषेक पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी नरहोली, सैफई, इटावा तथा वारदात में प्रयुक्त टाटा नेक्सोन कार की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।