जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
Gargachary Times
14 August 2026, 21:40
75 views
Firozabad
फिरोजाबाद। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके तीमारदारों और परिजनों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मरीजों और उनके परिजनों ने उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा इलाज या चिकित्सकों से संबंधित किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई। जिलाधिकारी ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 24 घंटे संचालित होने वाले अस्पताल परिसर में स्वच्छता का स्तर सर्वोच्च होना चाहिए।
अस्पताल में तैनात सफाई कर्मियों को नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं नवजात शिशुओं की सुरक्षा और संक्रमण से बचाव के लिए नर्सों एवं मेडिकल स्टाफ को सख्त हिदायत दी गई कि परिजनों को बच्चे दिखाने के लिए नवजात को बेड से बाहर न लाया जाए, बल्कि परिजनों को बारी-बारी से बेड तक ले जाकर ही शिशु को दिखाया जाए।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार निगरानी कर रहा है और समय-समय पर अस्पतालों का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि आमजन को बेहतर एवं त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी शिकायत पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।