नियमों को ताक पर रख राया में लगे होर्डिंग, अनियमितताओं की जांच कराने पर सभासद को किया दरकिनार
Gargachary Times
15 August 2026, 19:47
64 views
Mathura
राया अमित अग्रवाल
राया। नगर पंचायत राया में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लगाए गए शुभकामना होर्डिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। होर्डिंग पर नगर पंचायत के निर्वाचित एवं नामित सभासदों के नाम और फोटो प्रदर्शित किए गए हैं। इसी बीच सभासद अमित अग्रवाल ने नगर पंचायत में कराए जा रहे विकास कार्यों में अनियमितताओं की जांच की मांग किए जाने के बाद उन्हें दरकिनार किए जाने का आरोप लगाया है।
सभासद अमित अग्रवाल का आरोप है कि नगर पंचायत में 14 निर्वाचित एवं तीन नामित सभासद हैं। उनके द्वारा नगर पंचायत में विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की गई थी। आरोप है कि इससे नाराज होकर नगर पंचायत अध्यक्ष ने उन्हें नगर पंचायत से निष्कासित कर दिया।
वहीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर में लगाए गए शुभकामना होर्डिंग भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। सभासद का कहना है कि होर्डिंग पर उपजिलाधिकारी/अधिशासी अधिकारी के नाम के स्थान पर शिवकुमार लिखा गया है, जबकि फोटो सुशील कुमार का लगाया गया है। इससे नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और होर्डिंग तैयार कराने में बरती गई कथित लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।
सभासद अमित अग्रवाल ने पूरे मामले को नगर पंचायत अध्यक्ष की मनमानी बताते हुए जिलाधिकारी से मामले की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि निर्वाचित सभासद को अपनी बात रखने और विकास कार्यों में पारदर्शिता की मांग करने का अधिकार है। ऐसे में उन्हें दरकिनार किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।
नगर में लगे इन होर्डिंगों को लेकर लोगों के बीच भी चर्चाओं का दौर जारी है। अब देखना होगा कि जिलाधिकारी स्तर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।