Loading...

पुष्प हिंडोले में झूले ठाकुर राधा नील माधव, हरियाली तीज पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Gargachary Times 16 August 2026, 20:46 61 views
Dharam
पुष्प हिंडोले में झूले ठाकुर राधा नील माधव, हरियाली तीज पर उमड़ा आस्था का सैलाब
वृंदावन। तीर्थनगरी के गणेश सिटी सोसाइटी स्थित ठाकुर श्री राधा नील माधव मंदिर में शनिवार को 'हरियाली तीज एवं झूलन उत्सव' अत्यंत श्रद्धा व उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण राधे-कृष्णा के जयकारों से गुंजायमान रहा। महाराज प्रणव अवस्थी के पावन सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में भगवान का विशेष रूप से हरे रंग के भव्य वस्त्रों एवं आकर्षक आभूषणों से अलौकिक शृंगार किया गया। इसके उपरांत युगल सरकार को मनमोहक पुष्प हिंडोले (झूले) में विराजमान कराया गया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए महाराज प्रणव अवस्थी ने कहा कि जिस प्रकार सावन मास की हरियाली समूची प्रकृति में नई ऊर्जा और जीवन का संचार करती है, ठीक उसी प्रकार श्री राधा-कृष्ण की अनन्य भक्ति मानव जीवन को असीम आनंद, सकारात्मकता और परम शांति से भर देती है। दोपहर 3 बजे से प्रारंभ हुए झूलन दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भक्तों ने कतारबद्ध होकर ठाकुर जी के मनोहारी स्वरूप के दर्शन किए। दर्शन के साथ-साथ आयोजित भव्य भजन-संकीर्तन ने समूचे वातावरण को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। अंत में, सायं 6 बजे विशाल भंडारे व महाप्रसाद वितरण के साथ इस भव्य उत्सव का समापन हुआ।
Follow Samachar24