समाजवादी सरकार बनने पर वीरांगना अवंतीबाई लोधी की जन्म जयंती पर होगा अवकाश
Gargachary Times
16 August 2026, 20:52
42 views
Lucknow
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर आयोजित विशाल सम्मेलन में उनकी प्रतिमा पर श्रद्धाभाव से माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर नमन किया। सम्मेलन का आयोजन समाजवादी पार्टी के नेता यशवीर लोधी ने किया। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में लोधी समाज के नेता एवं कार्यकताओं के अलावा अन्य विशिष्ट लोग शामिल हुए।
सम्मेलन में उपस्थित जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा है कि आजादी की लड़ाई में वीरांगना अवंती बाई लोधी ने वीरता और शौर्य के साथ अंग्रेजों का मुकाबला किया। स्वतंत्रता, आन्दोलन में महारानी लक्ष्मी बाई के साथ ही वीरांगना अवंती बाई लोधी को याद करते है। स्वतंत्रता संग्राम में अवंती बाई लोधी ने अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया। आजादी की लड़ाई को मजबूत करने का काम किया था।
अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी सरकार में वीरांगना अवंती बाई लोधी के जन्म दिन पर 16 अगस्त को छुट्टी घोषित की जाएगी। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के साथ ही 16 अगस्त को वीरांगना अवंती बाई लोधी को याद करने के लिए सरकारी छुट्टी होगी। उनके सम्मान में सरकार की तरफ से उत्सव और कार्यक्रम कराया जाएगा। लखनऊ के सबसे महत्वपूर्ण स्थल गोमती रिवरफ्रंट पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा सोने की तलवार के साथ लगाकर सम्मान दिया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। समाजवादी पार्टी को एक-एक वोट जोड़ना है। लोकसभा चुनाव में हम पीडीए आन्दोलन को लेकर चले। लोधी समाज को जो सीट दी थी, उन्होंने उसे जीत कर दे दिया। बुन्देलखंड में हमारा खाता नहीं खुलता था। जिस सीट को समाजवादी पार्टी जीतने की नहीं सोच सकती थी, वो सीट भी जीत गए।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए में सभी लोगों को शामिल कर गुलदस्ता बनाया जाएगा। पीडीए सरकार बनाने और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए हम सबको जोड़ेंगे। सबको सम्मान देंगे। जब सबको भरोसा हो जाएगा। सब जुड़ जाएंगे तो हम अपने आप लड़ाई जीत जाएंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार को उत्तर प्रदेश में 10 वर्षों से देख रहे हैं। दिल्ली में भी कई वर्षों से भाजपा सरकार हैं। जो लोग बहुत ताकतवर दिखाई दे रहे थे, उन्हें कम उम्र के नौजवानों और छात्रांे ने झुका दिया। युवा पीढ़ी ने जो किया, उससे सरकार को पीछे हटना पड़ा। युवाओं और छात्रों के आन्दोलन से डरकर भाजपा सरकार ने शिक्षामंत्री प्रधान को हटाकर प्रधानमंत्री जी को बचा लिया। आन्दोलन में जो नारे लग रहे थे उसकी कोई कल्पना नहीं कर सकता। भाजपा घबरा गई।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग रामराज लाने की बात करते थे उन्होंने अयोध्या में राम धन लूट लिया। प्रभु श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी कर लिया। चोरी में छोटे कर्मचारियों को पकड़ा गया। ये लोग अपनी बदनामी से बचने के लिए जातिवाद पर उतर आए। दुनिया में कहीं भी धार्मिक स्थलों पर ऐसी चोरी नहीं हुई। भिखारी भी कभी मंदिर में भगवान के चढ़ावा को चोरी नहीं करता है। लेकिन अयोध्या में चढ़ावा चोरी, जमीनों का घपला समेत क्या-क्या हुआ ये सभी ने देखा। यही नहीं भाजपा के लोग इतने बड़े मिलावटी है कि पेट्रोल में भी मिलावट कर दिया। भाजपा जनता को धोखा दे रही है। खाद की बोरी से चोरी हो रही है। पहले 5 किलो चोरी किया। उसके बाद 5 किलो और चोरी कर लिया। अब तो पूरी बोरी ही चोरी हो गई है। किसानों को खाद नहीं मिल रही है। फसल तैयार हो जाए तो कीमत नहीं मिलती है। भाजपा कह रही थी कि किसानों की आय दोगुनी कर देंगे, लेकिन कहीं आय दोगुनी नहीं हुई। आलू, मक्का, किसानों को कीमत नहीं मिली। कन्नौज, फर्रुखाबाद, मैनपुरी और आसपास के जिलों में किसानों को भारी नुकसान हुआ। भाजपा सरकार में किसानों को कोई सुविधा नहीं मिल रही है। गरीबों और मरीजों को एम्बूलेंस नहीं मिल पा रही। अस्पतालों में दवाई, डॉक्टर नहीं है। भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य-व्यवस्था को बर्बाद कर दिया। महंगाई बढ़ा दी। मुनाफाखोरी चरम पर है। बड़े-बड़े उद्योगपतियों का लाखों करोड़ रूपया माफ कर दिया। बैंकों को डूबने से बचाने के लिए मर्ज कर दिया। मुख्यमंत्री जी ने अपने जिले गोरखपुर में 500 प्राइमरी स्कूल बंद कर दिया। भाजपा सरकार में हर तरफ भ्रष्टाचार है। गोरखधंधा चल रहा है। पूरे प्रदेश में 26 हजार प्राइमरी स्कूल बंद कर दिये गये। यह सरकार आउटसोर्सिंग से भर्ती करती है। जिससे आरक्षण न देना पड़े। भाजपा सरकार आरक्षण छीन रही है। प्राइमरी स्कूल बंद करके हजारों नौकरियां खत्म कर दी है। समाजवादी सरकार में सामाजिक न्याय होगा। नौकरियों में पूरा आरक्षण दिया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश आजादी का जश्न मना रहा था और मुख्यमंत्री जी विभाजन का उत्सव मना रहे थे। देश की जनता स्वतंत्रता दिवस मनाती है लेकिन पूरी भाजपा विभाजन का उत्सव मनाती है। ये विभाजनकारी लोग हैं, आजादी की लड़ाई में ये दूसरी तरफ थे। आजादी के बाद भी और आज भी ये समाज में विभाजन करने का काम कर रहे है। इन्होंने आजादी के पहले और आजादी के बाद कभी तिरंगा नहीं लगाया। ये इकरंगी लोग अब तिरंगा लगाने लगे है। यात्रा निकाल रहे हैं। इन्हें तिरंगा यात्रा नहीं अपना मन बदलना चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा की असलियत समझ गयी है। अब ये बचने वाले नहीं है। लोधी समाज एकजुट हो गया तो भाजपा का पता नहीं चलेगा। समाजवादी पार्टी लोधी समाज को सम्मान और स्थान सब देगी। उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा का सफाया होना तय है। 2022 के चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते-बनते रह गयी। बहुत कम वोटों से हार गए थे। 2022 से अच्छा चुनाव 2024 का हुआ। 2022 में अगर साढ़े तीन लाख वोट और मिल गया होता तो समाजवादी पार्टी की सरकार बन गयी होती। हमने गठबंधन भी किया था। गठबंधन में कई लोग आ गये थे। चवन्नी को रूपया बना दिया उसके बाद भी छोड़ कर चले गये। 2024 लोकसभा चुनाव में हमने पीडीए का नारा दिया। लोगों पर भरोसा किया। जनता ने साथ दिया। हमने तय किया है कि दलों से ज्यादा जनता पर भरोसा करना है। समाजवादी पार्टी का जो गठबंधन है उसे और मजबूत करेंगे। 2024 के परिणाम से समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन नम्बर एक पर पहुंच गयी है। उस परिणाम के हिसाब से इंडिया गठबंधन विधानसभा की ढाई सौ सीट जीत गया, इसलिए भाजपा में घबराहट है।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में पाइलट वनस्पति लेकर हवाई जहाज उड़ा रहे है। मुख्यमंत्री जी जापान गये, क्या लेकर आये? कोई निवेश नहीं आया। समाजवादी सरकार में नोएडा में सैमसंग मोबाइल की कम्पनी लगी, हजारों नौजवानों को रोजगार मिला। समाजवादी सरकार में हरदुआगंज में बड़ा बिजली का प्लांट लगाया। एटा में लगाया, ललितपुर में भी लगाया। बड़े पैमाने पर पावर प्लांट लगाए हैं। विकास किया। हम लोधी समाज को आगे बढ़ाएंगे। समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना चाहती है। भाजपा अभी भी जातीय जनगणना नहीं चाहती है। भाजपा चालबाजी कर रही है। हम चाहते हैं जातीय जनगणना के बाद सभी को जाति की संख्या के हिसाब से हक और सम्मान मिल जाए। अगर दिल्ली की सरकार जातीय जनगणना नहीं करा पायी तो समाजवादी सरकार बनने के बाद तीन महीने में जातीय जनगणना कराकर सबको हक और सम्मान देंगे।
वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती कार्यक्रम में सांसद आरके चौधरी, पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा, एवं हेमराज वर्मा, विधायक मुकेश वर्मा एवं राहुल लोधी, पूर्व विधायक सुन्दर लाल लोधी, कप्तान सिंह, रोशन लाल वर्मा, उर्मिला राजपूत, सहित हरीश लोधी अभिलाख सिंह, सुबोध लोधी, सचिन लोधी, अतुल गूजर, अजीम खान, रामसेवक पहलवान, सुधा कथावाचिका, मनवीर सिंह लोधी, वीरेन्द्र लोधी, पीयूष, ललिता राजपूत, डॉ. आरपी सिंह, विकास लोधी, गौरव सिंह यादव आदि ने भी श्रद्धाभाव से नमन किया।