अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर ‘एक वृक्ष गौ माता के नाम’ अभियान, गौशाला परिसर में हुआ वृहद वृक्षारोपण
Gargachary Times
16 August 2026, 20:57
37 views
Firozabad
फिरोजाबाद। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्य स्मृति दिवस के अवसर पर रविवार को यमुना किनारे नवनिर्मित श्री गौशाला परिसर में ‘एक वृक्ष गौ माता के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री गौशाला परिवार के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर तथा उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य लोगों ने गौ पूजन कर पौधारोपण किया।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सरल व्यक्तित्व, सच्चे देशभक्त एवं चिंतक के रूप में नमन करते हुए कहा कि पुण्य स्मृति दिवस पर गौ माता के नाम पर वृक्षारोपण करना पर्यावरण संरक्षण और गौ सेवा का सुंदर संगम है। उन्होंने कहा कि देशभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है, जो पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। गौ सेवा को पुण्य कार्य बताते हुए उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं और इससे जुड़े लोगों के सेवा भाव की सराहना की।जिलाधिकारी ने कहा कि अन्य सामाजिक संस्थाओं और संपन्न लोगों को भी आगे बढ़कर गौ सेवा में योगदान देना चाहिए। प्रदेश सरकार ने गौ सेवा को मिशन के रूप में लिया है और गौशालाओं को गौ उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी गौशालाओं में योजनाबद्ध तरीके से ऐसे वृक्ष लगाने का सुझाव दिया, जो भविष्य में उपयोगी साबित हों। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह सहयोग के लिए संकल्पित है।
विधायक मनीष असीजा ने कहा कि गौ सेवा सनातन धर्म की रीढ़ है। गौ उत्पाद जीवन में उपयोगी हैं और गौ माता के संरक्षण-संवर्धन के साथ उनके नाम पर किया गया वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से गौशाला परिसर को हरा-भरा और रमणीक स्थल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी को उत्कृष्ट राजनीतिज्ञ, स्पष्ट वक्ता और देश का सच्चा सपूत बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
महापौर कामिनी राठौर ने अटल जी को नमन करते हुए उनकी कवित्व प्रतिभा और व्यक्तित्व का स्मरण किया। उन्होंने उनकी प्रसिद्ध पंक्तियां सुनाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि गौ माता सभी के लिए पूज्य हैं और उनके संरक्षण के लिए सभी को सहयोग करना चाहिए। बढ़ते प्रदूषण के दौर में अधिक से अधिक वृक्ष लगाना पर्यावरण और मानव जीवन दोनों के संरक्षण के लिए आवश्यक है।
उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का आशीर्वाद और उनकी प्रेरणा सदैव देशवासियों को मार्गदर्शन देती रहेगी। उन्होंने कहा कि जहां कभी जंगल का क्षेत्र हुआ करता था, वहां गौशाला का निर्माण सराहनीय कार्य है और अब यह क्षेत्र विकसित होने के साथ रमणीक स्थल बनता जा रहा है। उन्होंने गौ सेवा और गौ उत्पादों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वृक्षारोपण को भी आवश्यक बताया।
वरिष्ठ अधिवक्ता अनूपचंद जैन ने कहा कि वर्तमान समय में वृक्षारोपण अभियान की अत्यंत आवश्यकता है और गौशाला परिसर में गौ माता के नाम पर किया गया पौधारोपण इसका महत्व और बढ़ा देता है। कार्यक्रम में भगवान दास शंखवार, सुनील शर्मा, द्विजेंद्र मोहन शर्मा, प्रमोद बघेल और राकेश शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए।इस अवसर पर विष्णु बंसल एडवोकेट, राकेश तिवारी, प्रकाश चंद गुप्ता, पुरुषोत्तम शर्मा, ओमप्रकाश वार्ष्णेय, राकेश नवरंग, कन्हैया तिवारी, हरिओम वर्मा, पार्षद प्रमोद राजोरिया, पार्षद हरिनिवास शर्मा, गुड्डा पहलवान, रामप्रसाद बघेल, देश दीपक यादव, राजीव शर्मा, रेंजर अविनाश सिंह, अश्विनी मोहन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन सत्यवीर गुप्ता ने किया। गौशाला परिवार की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह के रूप में गौ माता की मूर्ति भेंट की गई। संस्था अध्यक्ष विष्णु बंसल ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गौशाला के भक्तों को भी सम्मानित किया गया।