Loading...

वंदे मातरम् के स्वरों से गूंजे आर.के. ग्रुप के शैक्षिक संस्थान, शान से फहरा तिरंगा, छात्र-छात्राओं ने नयनाभिराम राष्ट्रभक्तिपूर्ण कार्यक्रमों से बांधा समां

Gargachary Times 16 August 2026, 20:59 38 views
Education
वंदे मातरम् के स्वरों से गूंजे आर.के. ग्रुप के शैक्षिक संस्थान, शान से फहरा तिरंगा, छात्र-छात्राओं ने नयनाभिराम राष्ट्रभक्तिपूर्ण कार्यक्रमों से बांधा समां
मथुरा। स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के सभी शैक्षिक संस्थान देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आए। शैक्षिक संस्थानों में जहां शान से तिरंगा फहराया गया वहीं ‘वंदे मातरम्’ की गूंज भी सुनाई दी। छात्र-छात्राओं ने जहां तिरंगा रैली निकाली वहीं मनमोहक कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की अलख जगाई। के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर, के.डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल, के.डी. कॉलेज आफ नर्सिंग एण्ड पैरा मेडिकल साइंस, राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट, राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी, जी.एल. बजाज ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस तथा राजीव इंटरनेशनल स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और उमंग के बीच ध्वजारोहण कर मनाया गया। ध्वजारोहण सभी शिक्षा संस्थानों के प्रमुखों ने किया। इस अवसर पर केडी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने अपने संदेश में सभी शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज पूरा देश आजादी का जश्न उत्साह और उमंग से मना रहा है। इस आजादी के लिये लाखों लोगों ने त्याग-बलिदान किया है। हम आज जो स्वतंत्रता की खुली हवा में सांस ले रहे हैं, वह अनमोल है। इसकी रक्षा करना हर भारतीय का पहला कर्तव्य है। डॉ. अग्रवाल ने युवाओं का भारत का असली भाग्य विधाता निरूपित किया। प्रति-कुलाधिपति मनोज अग्रवाल ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमारा देश आज तेजी से हर क्षेत्र में विकास कर रहा है। आज हर नागरिक का पहला दायित्व प्रगतिशील सोच के साथ देश को आगे बढ़ाना होना चाहिए। श्री अग्रवाल ने कहा कि यह दिन केवल एक राष्ट्रीय अवकाश नहीं है, बल्कि आजादी, आत्मसम्मान एवं देशभक्ति का प्रतीक है। इस दिन का महत्व प्रत्येक भारतीय के हृदय में विशेष स्थान रखता है, क्योंकि यह हमारी पराधीनता से मुक्ति एवं एक स्वतंत्र लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में भारत के नवनिर्माण की याद दिलाता है। केडी मेडिकल कॉलेज में ध्वजारोहण के बाद डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमारा देश लगभग 200 वर्षों तक ब्रिटिश शासन के अधीन रहा। देश की आजादी के लिए जहां एक ओर गांधीजी अहिंसात्मक मार्ग पर चले वहीं भगतसिंह, चंद्रशेखर आजाद, राजगुरु, सुखदेव, वीर सावरकर जैसे महान क्रांतिकारियों ने आजादी के लिए अपने जीवन की आहुति दी। इतना ही नहीं नेताजी सुभाषचंद्र बोस एवं उनकी आजाद हिन्द फौज ने देश के बाहर से आजादी की लड़ाई को समर्थन देकर अंग्रेजों को भारत से खदेड़ने का काम किया। डॉ. अशोका ने कहा कि आज हम जब तकनीकी और वैश्विक विकास की ओर बढ़ रहे है। स्वतंत्रता दिवस का अर्थ सिर्फ उत्सव तक सीमित नहीं रह जाता, आज यह आत्म-मंथन और राष्ट्र निर्माण का अवसर बन गया है। आजादी का अर्थ केवल विदेशी शासन से मुक्ति नहीं बल्कि यह हर नागरिक के लिए गरिमा, अधिकार और जिम्मेदारी की भावना से जुड़ा हुआ ध्येय वाक्य है। उप प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता, लैंगिक समानता, एक-दूसरे का सहयोग-सम्मान तथा नशामुक्ति आदि को अपने व्यवहार में सम्मिलित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर डॉ. वीपी पांडेय ने भी स्वतंत्रता दिवस के मायने समझाए। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम डॉ. अमनजोत कौर एवं डॉ. सुधाकर राय के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुए। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले मेडिकल छात्र-छात्राओं को डॉ. मंजू पांडेय, डॉ. शिप्रा तिवारी, डॉ. आकांक्षा माथुर, डॉ. सौरभ कुलकर्णी, कर्नल संदीप ढींगरा आदि ने पुरस्कृत किया। के.डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल में ध्वजारोहण कुलपति डॉ. मनेश लाहौरी और प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर ने किया। ध्वजारोहण के बाद कुलपति डॉ. लाहौरी ने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि हमें अमर शहीदों ने जो आजादी दिलाई है, उसका सही मकसद तभी पूरा होगा जब हम सब देश के विकास में अपना योगदान देंगे। डॉ. लाहौरी ने कहा कि यह दिन हमें प्रेरित करता है कि हम स्वतंत्र नागरिक के साथ ही सजग, उत्तरदायी एवं देशप्रेम से पूर्ण नागरिक बनकर राष्ट्र उत्थान करें। प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर ने छात्र-छात्राओं से कुशल चिकित्सक बनकर समाज सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में समाज के अंतिम व्यक्ति को न्याय दिलाना पहली प्राथमिकता होती है। के.डी. कॉलेज आफ नर्सिंग एण्ड पैरा मेडिकल साइंस में ध्वजारोहण प्राचार्या एनपी चानू ने किया। जी.एल. बजाज ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस में प्रो. नीता अवस्थी, राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट में निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना, राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी में निदेशक डॉ. हिमांशु चोपड़ा तथा राजीव इंटरनेशनल स्कूल में प्राचार्या नंदिता ढींगरा ने ध्वजारोहण कर छात्र-छात्राओं से राष्ट्रचिंतन करते हुए देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। राजीव इंटरनेशनल स्कूल को तीन रंगों से सजाया, छात्र-छात्राओं ने रंग जमाया स्वतंत्रता दिवस पर राजीव इंटरनेशनल स्कूल परिसर को तीन रंगों से सजाया गया। बच्चों ने देशभक्ति गीत, कविता पाठ, नाटक, भाषण और रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों से जहां माहौल को देशभक्ति की भावना से भरा वहीं स्कूल की प्राचार्या नंदिता ढींगरा ने बच्चों को राष्ट्रप्रेम की सीख देते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें शहीदों के बलिदान से मिली है। हमें देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने बच्चों से अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्र सेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया। रोनिका और प्रणवी ने मंच संचालन किया। तिरंगा रैली निकाल कर राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी में मना स्वतंत्रता दिवस राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी में तिरंगा रैली निकाल कर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. हिमांशु चोपड़ा ने तिरंगा फहराकर छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में फार्मेसी प्रोफेशनल्स की महत्वपूर्ण भूमिका की विस्तार से जानकारी दी। डॉ. चोपड़ा ने छात्र-छात्राओं को समर्पण एवं नैतिकता के साथ देश-सेवा के लिए प्रेरित किया।
Follow Samachar24