Loading...

बरहन में रेलवे ट्रैक पर तीन शव मिलने से मचा हड़कंप, महिला-युवक और बच्ची शामिल

Gargachary Times 17 August 2026, 20:33 49 views
Agra
बरहन में रेलवे ट्रैक पर तीन शव मिलने से मचा हड़कंप, महिला-युवक और बच्ची शामिल
बरहन थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर रेलवे ट्रैक पर अलग-अलग स्थानों से तीन शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई। मृतकों में एक महिला, एक युवक और एक बच्ची शामिल बताई गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। अलग-अलग स्थानों पर मिले शव पुलिस के अनुसार, पहला शव 15/16 अगस्त की रात बरहन क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिला था। मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है। उसके पास से पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। दूसरा शव 16 अगस्त को चमरौला-बरहन के बीच डाउन रेलवे ट्रैक पर पोल नंबर 1264 और 1265 के बीच मिला। मृतका की उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है। उसके पास से गले की चेन, कानों की बालियां, हाथ की अंगूठी और घड़ी मिली है, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। तीसरे शव के रूप में एक बच्ची का शव भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस तीनों मामलों में मृतकों की पहचान कराने के लिए प्रयास कर रही है। पुलिस ने की पहचान में सहयोग की अपील बरहन के प्रभारी निरीक्षक आशुतोष रघुवंशी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि थाना क्षेत्र में किसी महिला, युवक या बच्ची की गुमशुदगी दर्ज है या मृतकों की पहचान से संबंधित कोई जानकारी उपलब्ध हो तो तत्काल बरहन पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि शवों की पहचान होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अलग-अलग स्थानों से शव मिलने के कारण पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
Follow Samachar24