थानों में लंबित माल मुकदमाती के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
Gargachary Times
17 August 2026, 20:41
38 views
Firozabad
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के निर्देशन में सोमवार को क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद एवं सहायक नोडल अधिकारी माल निस्तारण की मौजूदगी में लंबित माल मुकदमाती के निस्तारण को लेकर गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में प्रभारी डीसीआरबी, सभी थानों के नोडल अधिकारी, हेड मोहर्रिर एवं कोर्ट पैरोकार शामिल हुए।
बैठक के दौरान जनपद के विभिन्न थानों में लंबित माल मुकदमाती तथा अन्य अनावश्यक रूप से लंबित मालों की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने लंबित मामलों के नियमानुसार शीघ्र एवं अधिक से अधिक निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि थानों पर लंबित मालों को नियमानुसार निस्तारित कराने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाए। अनावश्यक रूप से लंबित प्रकरणों को चिन्हित कर संबंधित न्यायालय अथवा सक्षम प्राधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि माल निस्तारण की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
गोष्ठी में पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए कि लंबित मालों के निस्तारण की प्रक्रिया को गति देते हुए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने स्तर से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे थानों में अनावश्यक रूप से लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।