राशन कोटेदारों का लाभांश बढ़कर 125 रुपये प्रति कुंतल, फिरोजाबाद में हुआ कार्यक्रम
Gargachary Times
17 August 2026, 20:41
40 views
Firozabad
फिरोजाबाद। सरकार ने उचित दर विक्रेताओं यानी राशन कोटेदारों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए उनके लाभांश में उल्लेखनीय वृद्धि की है। अब राशन कोटेदारों को प्रति कुंतल 90 रुपये के स्थान पर 125 रुपये लाभांश मिलेगा। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
इसी क्रम में तहसील सदर फिरोजाबाद के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, सदर विधायक मनीष असीजा और मेयर कामिनी राठौर मौजूद रहे। इस दौरान लखनऊ से आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया, जिसमें कोटेदारों को लाभ वितरण एवं सरकार की नई व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान सिंगल स्टे डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया। विधायक मनीष असीजा ने कहा कि उचित दर की दुकानों के माध्यम से राशन विक्रेताओं को अपनी आजीविका बढ़ाने और उपभोक्ताओं के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कोटेदारों से अपील की कि वे ग्राहकों के साथ अच्छा व्यवहार करें और उनकी समस्याओं का समाधान करें। दुकानों पर बाजार दर के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं प्रतिस्पर्धी दरों पर अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाए। उन्होंने घटिया उत्पाद बेचने, जबरन सामान देने और उपभोक्ताओं के शोषण से बचने की भी अपील की।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से सरकार और आम जनता के बीच विश्वास और मजबूत होगा। कोटेदार यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र नागरिक को पारदर्शिता, ईमानदारी और सम्मान के साथ खाद्यान्न एवं गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं मिलें। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुकानों पर घटतौली, कालाबाजारी या निर्धारित दर से अधिक वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेयर कामिनी राठौर ने भी नई व्यवस्था को कोटेदारों और आमजन के हित में महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, सीएमओ डॉ. राम बदन राम, एसडीएम सुदर्शन सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी स्वीटी सिंह, मीडिया प्रभारी अमित गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।