Loading...

नकली पनीर पर सख्ती: दो माह में 10 नमूनों में 4 स्वास्थ्य के लिए हानिकारक, शिकोहाबाद में 8 नमूने लिए

Gargachary Times 18 August 2026, 20:21 42 views
Firozabad
नकली पनीर पर सख्ती: दो माह में 10 नमूनों में 4 स्वास्थ्य के लिए हानिकारक, शिकोहाबाद में 8 नमूने लिए
दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देश और जिलाधिकारी फिरोजाबाद के आदेश के अनुपालन में विभागीय टीम ने मंगलवार को शिकोहाबाद नगर क्षेत्र में विभिन्न डेयरी एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर, घी और काजू के कुल आठ नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। सहायक आयुक्त (खाद्य)-2 चन्दन पाण्डेय ने बताया कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित दूध तथा दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। अभियान के दौरान डेयरी प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, रख-रखाव और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कृष्णा डेयरी, राधिका डेयरी, मोहन डेयरी और पाण्डेय डेयरी से पनीर के एक-एक नमूने लिए गए। गोपाल डेयरी से घी का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं होटल ताज अनुषी से पनीर और काजू के एक-एक नमूने लिए गए। होटल में पाई गई कमियों के संबंध में सुधार नोटिस भी जारी किया गया।इस प्रकार कुल आठ नमूनों में पनीर के छह, घी का एक और काजू का एक नमूना शामिल है। सभी नमूनों को सीलबंद कर नियमानुसार खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में मानकों का उल्लंघन, मिलावट या अन्य अनियमितता मिलने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। दो माह में 10 नमूनों में चार फेल विभाग के अनुसार पिछले दो माह में पनीर के 10 नमूने संग्रहित कराए गए हैं, जिनमें से चार नमूने प्रयोगशाला जांच में मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए गए हैं। इसके बाद विभाग ने नकली एवं मिलावटी पनीर के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई और तेज कर दी है। जनपद की सभी डेयरियों के साथ-साथ आसपास के जनपदों से आने वाले पनीर की आपूर्ति पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।आयुक्त के निर्देशों के तहत यदि किसी डेयरी या दुग्ध उत्पाद निर्माण इकाई में विजातीय वसा, हानिकारक रसायन या अन्य अपमिश्रक पाए जाते हैं तो नियमानुसार उत्पाद जब्त कर नष्ट कराने के साथ प्रतिष्ठान के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। गंभीर मामलों में निर्माण कार्य बंद कराने, लाइसेंस निलंबित करने तथा आवश्यकतानुसार प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है। विभाग ने बताया कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है और डेयरी, दूध विक्रय केंद्र, होटल, रेस्टोरेंट तथा दुग्ध उत्पाद निर्माण एवं प्रसंस्करण इकाइयों पर आकस्मिक निरीक्षण किए जाएंगे। होटल ताज अनुषी को जारी सुधार नोटिस में निर्धारित कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। सुधार नहीं पाए जाने पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, विनोद वर्मा, मनोज कुमार, सेनेटरी सुपरवाइजर राजकुमार सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
Follow Samachar24