उरई पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का किया खुलासा, 15 दोपहिया वाहन बरामद
Gargachary Times
18 August 2026, 20:31
45 views
Jalaun
उरई। कोतवाली उरई पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 14 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत कुल 15 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद पुत्र चंद्रशेखर, निवासी ग्राम महुआखेड़ा, थाना समथर, जनपद झांसी तथा मोनू यादव पुत्र रहीश, निवासी राजापुर, थाना रक्सा, जनपद झांसी के रूप में हुई है। दोनों को थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। बरामद वाहनों में 13 मोटरसाइकिलें जालौन समेत विभिन्न जनपदों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित बताई गई हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झांसी के आसपास के जनपदों दतिया, शिवपुरी, ललितपुर, हमीरपुर और जालौन में मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। इसके बाद मास्टर चाबी से लॉक तोड़कर वाहन चोरी कर लेते थे और चोरी की गाड़ियों को उरई के फैक्ट्री एरिया में छिपाकर रखते थे। बाद में वाहनों का सौदा 20 से 25 हजार रुपये में करते और करीब 10 से 15 हजार रुपये एडवांस लेकर वाहन ग्राहक को दे देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली उरई में मुकदमा अपराध संख्या 481/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी आनंद के खिलाफ झांसी जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी प्रेस नोट में दी गई है।
बरामदगी: 14 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी।