कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की मासिक बैठक -जिलाधिकारी
Gargachary Times
18 August 2026, 20:32
52 views
Mainpuri
मैनपुरी - जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की मासिक समीक्षा के दौरान परिवहन, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, अलोह खनन, विद्युत, नगर निकाय, बॉट-माप, मंडी, वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि माहवार लक्ष्य निर्धारित कर राजस्व वसूली के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति करें। उन्होंने उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों से कहा कि राजस्व प्राप्ति की प्रगति सुधारने के लिए स्वयं फील्ड में निकलें, बड़े बकायेदारों से वसूली करने खुद जाएं, अमीनो की वसूली की साप्ताहिक समीक्षा करें, अमीनो से निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष वसूली सुनिश्चित कराई जाए।उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, वाणिज्य कर अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि प्रवर्तन कार्य बढ़ाये जाएं, जनपद में किसी भी दशा में अवैध वाहनों का संचालन, ओवरलोडिंग, अवैध शराब की बिक्री न हो, प्रवर्तन के नाम पर किसी का शोषण न किया जाए।
श्री त्रिपाठी ने लंबित वादों की समीक्षा के दौरान कहा कि तहसीलदार, नायब तहसीलदार तत्काल धारा-34, धारा-67 के वादों को निस्तारित करें, 05 वर्ष पुराने वाद उप जिलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों के न्यायालयों में लंबित है, इन्हें भी प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर निकाय को निर्देशित करते हुए कहा कि गृहकर, जलकर, जलमूल्य की वसूली की प्रगति सुधारें, सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, कूड़ा उठान के बेहतर प्रबंध किए जाएं। उन्होंने राजस्व प्राप्ति में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष वन विभाग द्वारा 57 प्रतिशत, अलोह खनन द्वारा मात्र 62 प्रतिशत की प्राप्ति की गई जबकि गृहकर वसूली में घिरोर, बेवर की प्रगति ठीक नहीं है, जिस पर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि इस माह में अभियान चलाकर वसूली की प्रगति सुधारे।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश चंद्र, उप जिलाधिकारी सदर, करहल, भोगांव, किशनी, कुरावली श्याम प्रताप सिंह, सुनिष्ठा सिंह, मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, नवनीता राय, प्रदीप कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर विकल्प, सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. श्वेता सैनी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सिद्धार्थ यादव, जिला आबकारी अधिकारी हितेंद्र शेखर, जिला अग्रणी प्रबंधक रामचंद्र शाहा, अधीक्षण अभियंता विद्युत मुकेश कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत अनिल वर्मा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हरेंद्र सिंह, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सौरभ पांडेय सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभाग प्रभारी, अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।