जसराना में धूमधाम से निकली वीरांगना अवंतीबाई लोधी की शोभायात्रा, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
Gargachary Times
18 August 2026, 20:38
42 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जसराना तहसील क्षेत्र में मंगलवार को महारानी वीरांगना अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में लोधी समाज के साथ-साथ अन्य वर्गों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे नगर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल नजर आया।ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने जसराना पहुंचकर वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने वीरांगना के साहस, त्याग और देशभक्ति को याद किया।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा शामिल हुए। हाथों में झंडे और वीरांगना अवंतीबाई लोधी के चित्र लिए लोग जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।
शोभायात्रा जसराना नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते में स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान आधा दर्जन बुल्डोजर भी शोभायात्रा के साथ चलते नजर आए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।कार्यक्रम में सामाजिक एकता की झलक भी देखने को मिली। लोधी समाज के अलावा अन्य वर्गों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और वीरांगना अवंतीबाई लोधी के आदर्शों तथा उनके अदम्य साहस को नमन किया।
वीरांगना अवंतीबाई लोधी को 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की प्रमुख वीरांगनाओं में याद किया जाता है। अंग्रेजी शासन के खिलाफ उनके संघर्ष और वीरता की स्मृति में आयोजित शोभायात्रा के माध्यम से लोगों ने उनके त्याग और देशभक्ति को श्रद्धापूर्वक याद किया।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा। नगर के प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।