1320 विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प
Gargachary Times
19 August 2026, 20:07
48 views
Firozabad
फिरोजाबाद। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आध्यात्मिक एवं सामाजिक संस्था प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, मुख्यालय माउंट आबू के फिरोजाबाद सेवा केंद्र द्वारा बुधवार को जिले के सुप्रसिद्ध इस्लामिया इंटर कॉलेज में नशामुक्ति एवं सकारात्मक जीवनशैली को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1320 विद्यार्थियों एवं सम्मानित शिक्षकों को नशामुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमार भाई बीके शिवकुमार कुशवाह ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशे की एक छोटी-सी गलती बच्चों और युवाओं के जीवन, स्वास्थ्य, पद-प्रतिष्ठा, धन-संपत्ति, मान-सम्मान, परिवार और रिश्तों को बर्बाद कर सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशामुक्त, स्वस्थ एवं संस्कारयुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि नशा केवल पान, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, गुटखा और शराब तक सीमित नहीं है। टीवी, मोबाइल, सोशल मीडिया, रील, ऑनलाइन गेम्स, अत्यधिक क्रोध और जंक फूड जैसी आदतें भी विद्यार्थियों और युवाओं के जीवन को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि यदि उनमें ऐसी कोई बुरी आदत है तो आज ही उसे छोड़ने का संकल्प लें और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।बीके अनीता दीदी ने विद्यार्थियों को सफलता के पांच सरल मंत्र बताए। उन्होंने कहा कि बड़ा सपना, अच्छे मित्र, अच्छे विचार, श्रेष्ठ चरित्र और प्रतिदिन कुछ मिनट का ध्यान जीवन में सफलता की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में बीके अनीता दीदी ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशामुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान बीके अविनाश भाई भी उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य आबाद हुसैन ने ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण प्रयास बताया।