सुथार का कहर! 10 विकेट लेकर भारत को 165 रन से दिलाई शानदार जीत, पडिक्कल बने प्लेयर ऑफ द मैच
Gargachary Times
19 August 2026, 20:26
41 views
Sports
भारत ने गॉल टेस्ट में श्रीलंका को 165 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। यह भारत का 600वां टेस्ट मैच था। श्रीलंका को जीत के लिए 372 रन का टारगेट मिला था, लेकिन टीम दूसरी पारी में 206 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत की जीत के हीरो 24 साल के स्पिनर मानव सुथार रहे। उन्होंने मैच में 10 विकेट लिए। दूसरी पारी में 55 रन देकर 6 विकेट लेने वाले सुथार ने श्रीलंका के आखिरी चार विकेट सिर्फ 10 गेंद में लेकर भारत को जीत दिलाई। देवदत्त पडिक्कल को उनकी 167 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सुथार के एक ओवर में 3 विकेट ने मैच पलटा
सुथार ने पहली पारी में 76 रन देकर 4 विकेट लिए। दूसरी पारी में उन्होंने 6 विकेट झटके। श्रीलंका की दूसरी पारी के आखिरी में सुथार ने दो ओवर में 4 विकेट लेकर मैच पलट दिया।
सुथार ने 75वें ओवर की पहली गेंद पर सोनल दिनुषा को 84 रन पर आउट किया। अगली ही गेंद पर प्रभात जयसूर्या को बोल्ड कर दिया। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर लाहिरू कुमारा को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराकर सुथार ने दूसरी पारी में अपना पांचवां विकेट लिया। इसके बाद अगले ओवर में केशरा नुवानथा को बोल्ड कर उन्होंने मैच में अपना 10वां विकेट लिया।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बारिश और खराब मौसम के कारण मैच में रुकावटें आईं, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा किया।
देवदत्त पडिक्कल ने 167 रन की पारी खेली। उनके अलावा केएल राहुल ने 82 रन और ध्रुव जुरेल ने 51 रन बनाए। भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से प्रभात जयसूर्या ने 4 विकेट लिए।