कार्यकाल पूर्ण होने पर श्री बृजवासी पंडा सभा की कार्यकारिणी भंग, नई कार्यकारिणी तक श्याम सुंदर गौतम संभालेंगे जिम्मेदारी
Gargachary Times
20 August 2026, 20:47
40 views
Mathura
वृंदावन। श्री बृजवासी पंडा सभा के 111 वर्ष पूर्ण होने तथा वर्तमान कार्यकारिणी का पांच वर्षीय कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर गुरुवार को भैरव वाली बगीची, मोतीझील में आम सभा का आयोजन किया गया। सभा में वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण होने की घोषणा के साथ ही आगामी कार्यकारिणी के गठन तक पंडित श्याम सुंदर गौतम को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने की घोषणा की गई। समाज के वयोवृद्ध संरक्षक योगेंद्र बृजवासी ने नई कार्यकारिणी का गठन शीघ्र किए जाने की बात कही।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित श्याम सुंदर गौतम सहित समाज के वरिष्ठजनों द्वारा श्री यमुना महारानी के चित्रपट पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद सभा के जनरल सचिव राघव भारद्वाज ने बीते पांच वर्षों के दौरान संस्था द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत की, जिसे एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उपस्थित तीर्थ पुरोहित समाज के लोगों को दिखाया गया। कोषाध्यक्ष विनीत उपाध्याय ने संस्था के पिछले पांच वर्षों के आय-व्यय का विवरण सभा के समक्ष रखा।
अध्यक्षीय संबोधन में श्याम सुंदर गौतम ने सभा के 111 वर्ष पूरे होने पर सभी तीर्थ पुरोहितों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष पूर्व समाज के वरिष्ठजनों ने जो जिम्मेदारी उनके कंधों पर सौंपी थी, उसे उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास किया। समाज के बुजुर्गों का सम्मान, संगठन की गरिमा और उनके निर्देशों का पालन उनके लिए सदैव प्राथमिकता रहे हैं।
उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए प्रमुख कार्यों का उल्लेख करते हुए श्री यमुना छठ के सफल आयोजनों, देवरा बाबा एवं राणापत घाट पर यमुना महारानी की आरती की शुरुआत, पांच बार यमुना छठोत्सव के आयोजन, पंचांग के संपादन, सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता तथा शासन-प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को उपलब्धियों के रूप में बताया।
सभा के दौरान वृंदावन एवं ब्रज क्षेत्र में गाइडों की नियुक्ति को लेकर प्रकाशित विज्ञापन का भी जोरदार विरोध किया गया। श्याम सुंदर गौतम ने कहा कि वृंदावन की पहचान एक प्राचीन तीर्थ के रूप में है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक परंपराओं एवं तीर्थ की मर्यादाओं से परिचित कराने में तीर्थ पुरोहितों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सरकार से तीर्थ पुरोहित आयोग के गठन की मांग करते हुए कहा कि तीर्थ पुरोहितों के सम्मान और उनकी परंपरागत भूमिका की रक्षा की जानी चाहिए। सभा की ओर से ब्रज में गाइड व्यवस्था का विरोध जारी रखने की बात भी कही गई।
श्री बृजवासी पंडा सभा के 111 वर्षों के इतिहास को प्रदर्शित करने के लिए विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रस्तुत की गई। इसमें संस्था के पूर्व अध्यक्षों के कार्यकाल और समाज के प्रति उनके योगदान को दर्शाया गया। सभा में बताया गया कि अब तक 16 अध्यक्षों ने संस्था की जिम्मेदारी संभालते हुए समाज के हित में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
वयोवृद्ध संरक्षक योगेंद्र बृजवासी ने वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद नई कार्यकारिणी के गठन तक श्याम सुंदर गौतम को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए रखने की घोषणा की। पूर्व अध्यक्ष महेश चंद्र शर्मा ने भी वर्तमान कार्यकारिणी के पांच वर्षीय कार्यकाल की सराहना करते हुए संस्था की गतिविधियों और उपलब्धियों को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।
सभा में उपस्थित लोगों ने वर्तमान कार्यकाल में किए गए कार्यों की प्रशंसा की, वहीं कुछ ऐसे कार्यों पर भी चर्चा हुई जिन्हें निर्धारित अवधि में पूरा नहीं किया जा सका। वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष गौड़ लाला पहलवान ने कहा कि 111 वर्ष पुराने और निरंतर सक्रिय संगठन का हिस्सा होना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि संस्था को मजबूत बनाने में पूर्वजों और वरिष्ठ तीर्थ पुरोहितों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसके लिए समाज सदैव उनका ऋणी रहेगा।
इस अवसर पर रामनारायण बृजवासी, गणेश गौतम, पंकज शर्मा, दीपक गौतम सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने भैरव बाबा की प्रसादी ग्रहण की। सभा का संचालन जनरल सचिव राघव भारद्वाज ने किया। कार्यक्रम में महेश चंद्र शर्मा, सुरेश चंद्र शर्मा, रामनारायण बृजवासी, ओम प्रकाश गौतम, योगेंद्र बृजवासी, हरिशंकर गौतम, जसेंद्र गौतम, पुलिंग गौतम, कृष्ण गोपाल द्विवेदी, पुरुषोत्तम महाराज, पप्पू बादशाह, विवेक गौतम, पंकज शर्मा, गणपत, गणेश, पिंकू गौतम, केके गौतम, बब्बू शर्मा, महेश भारद्वाज, सुभाष गौड़, विनीत उपाध्याय, गोविंद शर्मा, भागवत गौतम, विष्णु गौतम, योगाचार्य गौरव गौतम, कन्हैया थोकदार, धर्मेंद्र गौतम, लीला, अजय शर्मा, बागवाला अनुराग शर्मा, निरंजन गौतम, रामप्रकाश गौतम, हेमंत वेदपाठी, विनीत गौतम, लोकेश गौतम, शरद तिवारी, कन्हैया बौहरे, कपिल शर्मा, आंशू शर्मा, दीपक गौतम, दीपक घाट वाले, दीपू मोतीवाला सहित बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित उपस्थित रहे।