90 प्रतिशत से अधिक पूर्ण विकास परियोजनाएं 30 सितंबर तक होंगी पूरी
Gargachary Times
20 August 2026, 20:48
38 views
Jalaun
उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली महत्वपूर्ण एवं निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने परियोजनावार भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, निर्धारित पूर्णता तिथि और विगत माह की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन परियोजनाओं का 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें हर हाल में 30 सितंबर तक पूर्ण कराया जाए। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने की कार्रवाई प्राथमिकता से की जाए, ताकि आमजन को जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके।
समीक्षा के दौरान डायट जालौन में अतिरिक्त कक्ष, ऑडिटोरियम, टॉयलेट एवं मीटिंग हॉल निर्माण की 14 प्रतिशत, राजकीय हाईस्कूल खारका के उच्चीकरण कार्य की शून्य तथा मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय की 5.5 प्रतिशत प्रगति सहित कम प्रगति वाली परियोजनाओं पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कम प्रगति वाली परियोजनाओं के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर तेजी से कार्य कराने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भूमि, बजट, तकनीकी स्वीकृति, विभागीय समन्वय या अन्य किसी समस्या के कारण कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। ऐसी समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मौके पर जाकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने तथा फोटो, भौतिक सत्यापन और अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं का उद्देश्य केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एचएन प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमित सक्सेना सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।