Loading...

छात्रवृत्ति आवेदन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

Gargachary Times 20 August 2026, 20:54 40 views
Mathura
छात्रवृत्ति आवेदन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत ओरिएंटेशन, प्रशिक्षण तथा आवेदन प्रक्रिया की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना को लेकर जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों को शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार समय से कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी शिक्षण संस्थान मास्टर डाटा में शासन से प्राप्त मान्यता से अधिक सीट अथवा फीस लॉक न करे। ऐसा पाए जाने पर संबंधित संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी शिक्षण संस्थान अपने यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से छात्रवृत्ति वेबसाइट पर अधिक से अधिक आवेदन कराना सुनिश्चित करें। शासन की समय-सारिणी के अनुसार नवीनीकरण (रिन्यूअल) छात्र-छात्राओं के लिए आवेदन की अवधि 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तथा नवीन (फ्रेश) छात्र-छात्राओं के लिए 15 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित की गई है। जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि शासन द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार पूरी प्रक्रिया को बिंदुवार तैयार कर मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से प्रसारित कराया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं एवं शिक्षण संस्थानों को आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं की भी समीक्षा की गई। डीएम ने लंबित सत्यापन कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र लाभार्थी पेंशन के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पात्र परिवारों को लाभान्वित करने तथा निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी रेनू, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग चंद्रभान सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विशाल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24