पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने निकाली तिरंगा यात्रा
Gargachary Times
20 August 2026, 20:55
36 views
Firozabad
फिरोजाबाद। पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के नेतृत्व में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा निकालकर धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा में शामिल होकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
तिरंगा यात्रा की अध्यक्षता जगबीर बाबू ने की। यात्रा विकास भवन गेट से भारतीय स्टेट बैंक कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय होते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से दीवानी चौराहा पेट्रोल पंप और पुलिस चौकी के रास्ते विकास भवन परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इसके बाद कर्मचारियों ने विकास भवन परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।
संगठन के अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की जायज मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए पुरानी पेंशन योजना को तत्काल बहाल करने की मांग की।संघ के जिला मंत्री शिवा ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उनकी पुरानी पेंशन बहाली की मांग लंबे समय से लंबित है। उन्होंने शासन से मांग पूरी करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में नारे लगाए और मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के हितों एवं पुरानी पेंशन की बहाली के लिए संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन आगे भी जारी रखेगा।
तिरंगा यात्रा में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष प्रमोद कुमार शर्मा, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश कुशवाहा, सिंचाई संघ के अध्यक्ष महिपाल सिंह, अधीनस्थ कृषि सेवा संघ के अध्यक्ष प्रेम किशोर, मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष संजय सिंह, धर्मेंद्र कुमार, कृष्ण कुमार, जिला अध्यक्ष अटेरवा गौरीशंकर, जयकुमार सिंह, अमित कुमार सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।