डीएम ने मेडिकल कॉलेज का किया आकस्मिक निरीक्षण, छात्रों और रेजिडेंट डॉक्टरों से किया सीधा संवाद
Gargachary Times
20 August 2026, 20:57
32 views
Firozabad
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने गुरुवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल तथा सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे के साथ मेडिकल कॉलेज का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज की विभिन्न व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत एमबीबीएस एवं पीजी के मेडिकल छात्रों तथा रेजिडेंट डॉक्टरों से सीधे संवाद किया। उन्होंने छात्रों और डॉक्टरों से कॉलेज की व्यवस्थाओं, सुविधाओं तथा सामने आ रही समस्याओं के संबंध में जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर व्यापक चर्चा की।इसके बाद जिलाधिकारी ने परिसर में स्थित पांचों हॉस्टलों का भी निरीक्षण किया। इन हॉस्टलों में करीब 700 से अधिक ट्रेनिंग डॉक्टर एवं छात्र रहते हैं। हॉस्टल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने निर्देश दिए कि हॉस्टल वार्डन प्रत्येक सप्ताह बैठक आयोजित कर छात्रों की समस्याओं की जानकारी लें और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करें।
जिलाधिकारी ने रेजिडेंट डॉक्टरों की समितियां गठित करने के भी निर्देश दिए। ये समितियां नियमित रूप से समस्याओं पर चर्चा कर उन्हें वार्डन एवं प्रिंसिपल के संज्ञान में लाकर समाधान सुनिश्चित कराने में सहयोग करेंगी।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर और हॉस्टलों में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके लिए नगर निगम द्वारा नियमित रूप से सफाई एवं कूड़ा उठान कराने को कहा। साथ ही बिजली और पानी से संबंधित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने जनपद में शुरू की गई ‘फिरोजाबाद सुशासन यूट्यूब पहल’ के लिए मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की सहभागिता का प्रस्ताव रखा। उन्होंने डॉक्टरों से विद्यार्थियों के लिए मोटिवेशनल लेक्चर और कैरियर गाइडेंस कार्यक्रमों में सहयोग करने का आह्वान किया।
इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल, डॉक्टर नौशाद सहित संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे।