Loading...

73 ग्राहकों के 32.56 लाख रुपये के ऋण में धोखाधड़ी का आरोप, वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

Gargachary Times 21 August 2026, 20:27 5 views
Firozabad
73 ग्राहकों के 32.56 लाख रुपये के ऋण में धोखाधड़ी का आरोप, वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
फिरोजाबाद। थाना शिकोहाबाद पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से ग्राहकों के ऋण की धनराशि हड़पने के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में कुल 73 ग्राहकों से 32 लाख 56 हजार 529 रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप सामने आया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व एवं क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के पर्यवेक्षण में थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने मुकदमा मु0अ0सं0 398/2026, धारा 316(5) बीएनएस में वांछित अभियुक्त विक्रम सिंह पुत्र खुशीराम निवासी जगतिया, थाना राया, जनपद मथुरा को थाना राया क्षेत्र में उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया। KYC और बैंक दस्तावेजों में कूटरचना का आरोप पुलिस के अनुसार मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड की शिकोहाबाद शाखा के जोनल मैनेजर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अभियुक्तों ने ग्राहकों के केवाईसी, बैंक पासबुक एवं अन्य दस्तावेजों में छेड़छाड़ व कूटरचना कर फर्जी ऋण खाते तैयार किए। इसके बाद ऋण की धनराशि अपने परिचितों अथवा संबंधित खातों में स्थानांतरित कर हड़प ली गई।विभागीय जांच में कुल 73 ग्राहकों से 32,56,529 रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्तों ने आपस में मिलीभगत कर अपने पद का दुरुपयोग किया और ऋण प्रक्रिया में दस्तावेजों के सत्यापन, ऋण स्वीकृति तथा धनराशि स्थानांतरण की प्रक्रिया को नियमविरुद्ध तरीके से आगे बढ़ाया। किसके नाम पर कितनी धनराशि पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि विक्रम सिंह पर 28 ग्राहकों के नाम पर करीब 14 लाख रुपये, अर्जुन सिंह पर 23 ग्राहकों के नाम पर करीब 11.40 लाख रुपये तथा प्रदीप कुमार पर 14 ग्राहकों के नाम पर करीब 7 लाख रुपये की ऋण धनराशि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्थानांतरित कराने का आरोप है। इसके अलावा आठ अन्य ग्राहकों की ईएमआई से संबंधित 16,529 रुपये की धोखाधड़ी भी सामने आई।पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को मुकदमे में उसकी गिरफ्तारी के कारण से अवगत कराते हुए हिरासत में लिया है। मामले में नामित अन्य अभियुक्तों आकाश अली, राहुल भारद्वाज एवं अर्जुन सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, उपनिरीक्षक धर्मपाल सिंह, उपनिरीक्षक जाहिर हुसैन, कांस्टेबल 437 सचिन कुमार एवं रिजर्व कांस्टेबल रितिक कुमार शामिल रहे।
Follow Samachar24