दूध से भरे टैंकर की जांच, मिलावट के संदेह में 2000 लीटर दूध किया नष्ट
Gargachary Times
21 August 2026, 20:42
37 views
Mathura
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शुक्रवार को राया रेलवे फाटक पर दूध से भरे टैंकर की जांच की। जांच में दूध में स्टार्च की मौजूदगी और फैट की मात्रा कम पाए जाने पर खाद्य विभाग ने टैंकर में भरे करीब 2000 लीटर दूध को नष्ट करा दिया। नष्ट किए गए दूध की अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है। सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन एवं नेतृत्व में खाद्य सचलदल ने राया रेलवे फाटक पर दूध से भरे टैंकर का निरीक्षण किया।
टैंकर में करीब 2000 लीटर दूध भरा था जो गोपाल डेयरी, सिकंदराराऊ, हाथरस से लाया गया । टीम द्वारा दूध के क्रय एवं विक्रय से संबंधित अभिलेख मांगे जाने पर चालक कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।
दूध की गुणवत्ता पर संदेह होने पर टैंकर में भरे दूध की जांच की गई। जांच में दूध में स्टार्च मिलने तथा फैट की मात्रा कम होने के संकेत मिले। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दूध का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया। वहीं, शेष दूध को जनहित में मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार राजकीय खाद्य प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह और जितेंद्र सिंह सहित खाद्य सचलदल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।