Loading...

फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़: 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश समेत तीन गिरफ्तार

Gargachary Times 22 August 2026, 19:42 41 views
Firozabad
फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़: 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश समेत तीन गिरफ्तार
चोरी और नकबजनी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना नारखी, थाना मक्खनपुर पुलिस तथा एसओजी/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों समेत तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज उर्फ अनूप उर्फ मोटा पुत्र घनश्याम, निवासी केरावली, थाना करहल, मैनपुरी, हाल निवासी वायु विहार, थाना सिकंदरा, आगरा; मिथुन पुत्र वेदप्रकाश, निवासी केरावली, थाना करहल, मैनपुरी तथा अंशू पुत्र घनश्याम, निवासी केरावली, थाना करहल, मैनपुरी के रूप में हुई है।पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना नारखी एवं थाना मक्खनपुर में दर्ज चोरी के मुकदमों में वांछित आरोपी चोरी का माल बेचने के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीमों ने जलेसर पुल सर्विस रोड पर घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अनुज उर्फ अनूप उर्फ मोटा और मिथुन के पैर में गोली लगी, जबकि मौके से भाग रहे अंशू को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।लाखों की चोरी का माल और हथियार बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पीली धातु की चेन, एक अंगूठी, दो जोड़ी पाजेब, तीन कर्धनी, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी टॉप्स, 10,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा दो अवैध तमंचे 315 बोर, पांच जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा घटनाओं में प्रयुक्त एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी अनुज उर्फ अनूप उर्फ मोटा के खिलाफ विभिन्न जनपदों में तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। आरोपी मिथुन के खिलाफ भी पूर्व में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी थाना नारखी के मुकदमा संख्या 113/26 तथा थाना मक्खनपुर के मुकदमा संख्या 234/26 में वांछित थे। इसके अलावा जांच में थाना एका क्षेत्र के एक चोरी के मामले से भी इनके तार जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।घायल दोनों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना नारखी प्रभारी राकेश कुमार गिरी, एसओजी प्रभारी प्रेम शंकर पांडेय, सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार, थाना मक्खनपुर प्रभारी चमन शर्मा सहित नारखी, मक्खनपुर, एसओजी और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Follow Samachar24