चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने को गोदामों का औचक निरीक्षण
Gargachary Times
22 August 2026, 19:45
44 views
Firozabad
चीनी के स्टॉक की जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर गठित संयुक्त टीमों ने शनिवार को शिकोहाबाद एवं फिरोजाबाद क्षेत्र में चीनी के थोक व्यापारियों और गोदामों का औचक निरीक्षण किया।इसी क्रम में उपजिलाधिकारी शिकोहाबाद द्वारा तहसील क्षेत्र में स्थित मनीष ट्रेडर्स के गोदाम का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में कुल 255 कुंतल चीनी का भंडारण पाया गया। अधिकारियों के अनुसार व्यापारी द्वारा यह चीनी उत्तराखंड के सितारगंज स्थित चीनी मिल से क्रय करके लाई गई थी।
जांच के दौरान स्टॉक से संबंधित अभिलेखों और उपलब्ध भंडारण का परीक्षण किया गया। निरीक्षण में किसी प्रकार की विसंगति नहीं पाई गई। अधिकारियों ने स्टॉक की स्थिति का सत्यापन करते हुए आवश्यक जानकारी दर्ज की।वहीं, एक अन्य पृथक टीम द्वारा फिरोजाबाद क्षेत्र में विभिन्न थोक व्यापारियों के गोदामों का भी औचक निरीक्षण किया गया। टीम ने गोदामों में उपलब्ध चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने के साथ-साथ संबंधित जानकारी का ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेशन भी कराया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान किसी भी गोदाम में अनियमितता या स्टॉक संबंधी विसंगति सामने नहीं आई। प्रशासन द्वारा चीनी की उपलब्धता, भंडारण एवं बिक्री पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि जमाखोरी और कालाबाजारी को रोका जा सके तथा उपभोक्ताओं को निर्धारित व्यवस्था के तहत चीनी उपलब्ध होती रहे।