भाजपा और मुख्यमंत्री योगी पीडीए से घबराए हुए हैं: अखिलेश यादव
Gargachary Times
22 August 2026, 19:46
39 views
Lucknow
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि सिद्धांत कभी नहीं बदलता है। समाजवादी पार्टी का लक्ष्य समाजवादी विचारधारा और पीडीए के आन्दोलन से सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करना है। हमारी लड़ाई जारी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री जी पीडीए से घबराए हुए हैं। इसीलिए वे पीडीए की परिभाषा बदलते हैं। मुख्यमंत्री जी पीडीए को पाकिस्तान बताते है, ऐसे तो बीजेपी का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान हो जाएगा।
शनिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि जो भी पीड़ित है पीडीए उनके साथ है। पीडीए का मतलब प्रेम, दया, अपनापन है। हम समाजवादी लोग मिलकर जितना प्रेम, दया, अपनापन से लोगों को जोड़ेंगे उतना ही समाजवादी पार्टी मजबूत होगी और भविश्य में ऐतिहासिक सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी आजकल बच्चों के साथ सेल्फी ले रहे हैं। बच्चों को गोदी में ले रहे है। चुनाव बाद उनके पास यह सब करने का बहुत समय हो जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। समाजवादी सरकार में प्राइमरी शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। पिछली बार समाजवादी सरकार में अभिनव स्कूल बनाने का काम शुरू किया था, स्कूलों को प्राइवेट स्कूल से अच्छा बनाया जा रहा था। भाजपा सरकार जानबूझ कर प्राइमरी स्कूल खराब कर रही है क्योंकि सबसे ज्यादा पीड़ित, दुःखी, अपमानित, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आधी आबादी के बच्चे वहीं पढ़ रहे हैं। समाजवादी सरकार में स्कूलों का आधारभूत ढ़ांचा ठीक किया जा रहा था, साथ-साथ बच्चों को गर्म खाना, दूध और फल देने की व्यवस्था की गयी थी। लखनऊ में एक किचेन से पौने दो लाख बच्चों को गर्म खाना मिलता था। भविष्य में बच्चों की पढ़ाई और गर्म खाना की व्यवस्था की जाएगी। आज भी बच्चों के बर्तन वही चल रहे है। जो समाजवादी सरकार ने दिए थे, वही लैपटॉप भी चल रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी कभी गठबंधन नहीं तोड़ती है। समाजवादी पार्टी जब साथ लेकर चलती है, तो निभाती है। समाजवादियों ने हमेशा साथ निभाया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार भाजपा की है, लड़ाई भाजपा से है, इसलिए जो दल समाजवादी पार्टी को घेर रहे हैं, वे भाजपा से लड़े। उन्होंने कहा कि मंहगाई लगातार बढ़ती जा रही है। त्योहार आ रहा है।, चीनी के दाम बहुत बढ़ गये है। मिठाई महंगी हो गयी। साबुन, तेल खाने का सामान सब महंगा हो गया। मंहगाई की दर बहुत बढ़ गयी है। डीजल, पेट्रोल सब चीजों के दाम बढ़ गये हैं। उन्होंने कहा कि एथेनाल मिलाने से अगर लाभ है तो ऑटोमोबाइल और गांडियां बनाने वाली कम्पनियों को विज्ञापन देकर फायदे बताना चाहिए। मुनाफे के लिए पेट्रोल में इथेमाल मिलाया जा रहा है। मुनाफे के लिए चीनी महंगी हो रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि एक तरफ सरकार विज्ञापन देकर बता रही है कि 2017 के बाद पर कैपटा इनकम बढ़ गयी है वहीं दूसरी तरफ खाने के लिए 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देना पड़ रहा है। कोटेदारों को कमीशन बढ़ा रहे हैं। इसका मतलब है, 15 करोड़ लोग गरीब है। सरकार मंत्रियों और उनके आसपास के लोगों की नहीं, 15 करोड़ गरीब लोगों की पर कैपिटा इनकम बताए।
अखिलेश यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा कि समाजवादी पार्टी और सहयोगी दल सभी 403-403 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। हम लोगों की डबल तैयारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार चरम पर है। पुलिस की तरफ से बड़े पैमाने पर अन्याय हो रहा है। अन्याय की बहुत लम्बी सूची है। मेरठ में किसानों पर बड़े पैमाने पर अन्याय हुआ। जाति को टारगेट कर मारा पीटा गया, गालियां दी गयीं। अधिकारियों से इस तरह के व्यवहार की कल्पना नहीं की जा सकती है। किसानों को इसलिए मारा गया क्योंकि वे पीडीए समाज से आते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रयागराज में एक लाख करोड़ रूपये खर्च हुआ था। उसके बाद भी शहर की हालत खराब है। हर गली-मोहल्ले में पानी भरा है। प्रयाग राज में बजट का बंदरबाट हो गया है। वहां नए-नए लोग इनकम टैक्स के दायरे में आ गये हैं। प्रयागराज के साथ ही लखनऊ में जिस बंधे के कारण बाढ़ नहीं आनी थी, वहीं परेशानी का कारण बन रहा है। गोरखपुर में तो हर बरसात में सड़क पर नाव चलती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि डेरी चलाने वालों के साथ बड़े पैमाने पर अन्याय हो रहा है। पारा में डेरी चलाने वालों को जगह भाजपा सरकार के समय ही दी गयी थी। तब भाजपा सरकार ने लखनऊ का सबसे खराब इलाका मानकर वहां बसा दिया, लेकिन जब से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बना, तब से वह स्थान लखनऊ का इन्ट्री प्वाइंट बन गया। लखनऊ में प्रवेश करते ही दिखाई देगा कि वहां दस हजार भैसे रहती है। सरकार वन ट्रिलियन डालर इकोनॉमी बनाने के लिए गोमूत्र खरीदना चाहती है, लेकिन जो लोग लखनऊ को दूध की आपूर्ति कर रहे हैं, उन्हें परेशान कर रही है। मान लीजिए उन लोगों ने दूध की आपूर्ति बंद कर दी तो लखनऊ में कितना नकली दूध आना शुरू हो जाएगा। इसलिए सरकार को उनके प्रति संवेदनशीलता से काम करें। पशुपालकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। उन्हें अपमानित नहीं करना चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार आने पर डेरी चलाने वालों के लिए कामधेनु योजना की तरह और अच्छी योजना लायी जाएगी, जिससे जानवरों के रखरखाव, दूध के कारोबार में लाभ हो। उन्होंने कहा कि जापानी प्रतिनिधिमण्डल ने मुलाकात में बताया कि बगास और बायोगैस के प्लांट लगाए जा रहे है। भाजपा सरकार कुछ नहीं करेगी। अब आने वाली समाजवादी सरकार ही काम करेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा बड़े लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए फैसले लेती है। सरकार को पता है कि त्योहार आने वाला है। चीनी की खपत बढ़ेगी, उसी समय अपने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए चीनी महंगी कर दी। विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का जो गठबंधन है, वही रहेगा। समाजवादी पार्टी का गठबंधन मजबूत है। भाजपा घबराई है। इसलिए वे पीडीए-पीडीए कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी दिव्यांगजनों के लिए अलग से घोषणा पत्र बनाएगी। सरकार में दिव्यांगजनों को पेंशन और अन्य लाभ दिए जाएंगे। मोटर से चलने वाली साइकिल देंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब समाजवादी पार्टी ने महिलाओं को 40 हजार रुपये देने का वादा किया था, तब भाजपा के लोग क्या-क्या बातें कर रहे थे। कहते थे बजट कहां से लाएगे। अब वो भी घोषणा कर रहे है। चुनाव से पहले कुछ देंगे, चुनाव बाद कुछ और देंगे। भाजपा झूठे वादे करती है। महाराष्ट्र में जिन्हें पैसा देने का वादा किया था, बड़ी संख्या में उनके नाम काट दिए। महाराष्ट्र में तो एफआईआर कराने की तैयारी कर रहे थे। बिहार में दोबारा पैसा नहीं दिया। अभी बंगाल में उनकी सरकार ने 3 हजार रुपये महीना देने का विज्ञापन दिया था, तो हम 40 हजार रुपये क्यों नहीं दे सकते है? उन्होंने कहा कि भाजपा गोमूत्र खरीदने को लेकर झांसा दे रही हैं, हमारे पास भी 200 लीटर गोमूत्र है। सरकार बताए कहां बेचना है। पैसा कहां मिलेगा। श्री यादव ने कहा कि यह सब भाजपा की चाल है। इनसे सावधान रहना है।
अखिलेश यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई, किसानों को खाद की कमी पर कोई चर्चा नहीं कर रहा है। जो लोग स्कूलों का सच दिखाना चाहते है? उनके खिलाफ भाजपा के लोग कैसा व्यवहार कर रहे है? भाजपा के लोग कितने बड़े गुण्डे निकले, स्कूल देखने जाने वालों से मारपीट कर रहे हैं।