Loading...

जैविक खाद की आड़ में 2.51 क्विंटल गांजा तस्करी का खेल, एएनटीएफ ने पांच दबोचे

Gargachary Times 23 August 2026, 17:54 45 views
Mathura
जैविक खाद की आड़ में 2.51 क्विंटल गांजा तस्करी का खेल, एएनटीएफ ने पांच दबोचे
फरह। ग्वालियर बाईपास स्थित प्रस्तावित जैन मंदिर, रैपुरा जाट के फील्ड के पास एएनटीएफ ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से ट्रक में छिपाकर लाया जा रहा 2 क्विंटल 51 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपये है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को जैविक खाद के बीच छिपा रखा था। मौके से एक बलेनो कार भी बरामद हुई है। कार्रवाई से क्षेत्र में खलबली मच गई। सीओ एएनटीएफ उमेश पवार ने बताया कि कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें कार सवार ललित कुमार गवाना निवासी अलीगढ़, हरेंद्र कुमार निवासी लक्ष्मणगिरी, खैर, अलीगढ़ और अभिजीत शर्मा निवासी अलीगढ़ शामिल हैं। इसके अलावा ट्रक चालक जयंतो हलधर और विद्युत हलधर, दोनों ओडिशा के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में खैर, अलीगढ़ निवासी मुकुल का नाम कथित तौर पर मुख्य सरगना के रूप में सामने आया है। वह अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे क्षेत्र में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। खाद के बीच छिपा रखा था गांजा एएनटीएफ टीम ने मुखबिर की सूचना पर ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक में जैविक खाद लदी थी। तलाशी के दौरान खाद के बीच छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने गांजे को कब्जे में लेने के साथ ट्रक और बलेनो कार भी जब्त कर ली। कार्रवाई में एएनटीएफ के निरीक्षक हरवेंद्र मिश्रा, एसआई गौरव, अजीत बिसाद, दीपू, लखन, अचल और रंधीर शामिल रहे। मौके पर क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारीऔर कस्बा इंचार्ज फरह भी मौजूद रहे। डेढ़ माह में दूसरी बड़ी कार्रवाई एएनटीएफ की डेढ़ माह के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले फरे कस्बे में भी गांजा बरामद किया गया था। लगातार हो रही कार्रवाई से गांजा तस्करी से जुड़े लोगों में खलबली है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार कथित सरगना मुकुल की गिरफ्तारी के बाद तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है। एएनटीएफ की कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
Follow Samachar24