जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जयप्रकाश नारायण सर्वोदय आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण, बच्चों संग किया भोजन।
Gargachary Times
23 August 2026, 20:35
76 views
Firozabad
जिले में संचालित शैक्षणिक व आवासीय व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बच्चों के बीच पहुंचकर न केवल उनकी दैनिक दिनचर्या और व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि उनके साथ बैठकर भोजन (लंच) भी किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बच्चों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, पठन-पाठन के स्तर, शिक्षकों की उपस्थिति और विद्यालय परिसर में उपलब्ध सुविधाओं के विषय में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने मेस में तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और मेन्यू के अनुसार भोजन वितरण (जैसे पूरी, सब्जी, पनीर आदि) की जांच की। साथ ही शुद्ध पेयजल की उपलब्धता भी परखी।जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय सहित जिले के अन्य कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं नवोदय विद्यालयों में छात्रों के रहने की उत्तम व्यवस्था और परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश जिलाधिकारी ने दिए ।जिलाधिकारी ने कहा कि यदि विद्यालय परिसर या भवन के ऊपर से बिजली के ढीले/खुले तार गुजर रहे हैं, तो उन्हें तत्काल हटवाने और जर्जर भवनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए।परिषदीय व अन्य विद्यालयों में 'ऑपरेशन कायाकल्प' के सभी मानकों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने तथा अध्ययन के लिए उचित वातावरण बनाए रखने पर बल दिया गया।
संवाद के दौरान बच्चों ने व्यवस्थाओं और भोजन पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि बच्चों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक परिवेश उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और इस प्रकार के निरीक्षण निरंतर जारी रहेंगे।