Loading...

अटल वन का डीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण, पौधों की सुरक्षा और सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए कड़े निर्देश

Gargachary Times 23 August 2026, 20:36 50 views
Firozabad
अटल वन का डीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण, पौधों की सुरक्षा और सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए कड़े निर्देश
फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने रविवार को तहसील शिकोहाबाद क्षेत्र के ग्राम मोहिनीपुर दरिगापुर स्थित ‘अटल वन’ पौधारोपण स्थल का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने वन क्षेत्र में रोपित पौधों की स्थिति, सिंचाई व्यवस्था तथा उनकी सुरक्षा का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।* निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पांच हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे ‘अटल वन’ में 10 विभिन्न प्रजातियों के करीब आठ हजार पौधे रोपित किए गए हैं। इनमें जामुन, शीशम, अर्जुन, कांजी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक कदम है। उन्होंने निर्देश दिए कि ‘अटल वन’ में लगाए गए सभी पौधों की शत-प्रतिशत उत्तरजीविता सुनिश्चित की जाए। पौधों की नियमित सिंचाई के साथ ट्री-गार्ड एवं तारबंदी के माध्यम से सुरक्षा तथा खाद-पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि पौधों के संरक्षण और देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि ‘अटल वन’ को भविष्य में घने और विकसित हरित क्षेत्र के रूप में तैयार किया जाए।निरीक्षण के दौरान डीएफओ भागेंद्र सिंह, एसडीएम शिकोहाबाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24