Loading...

चुनार से राजदरी तक 80 राइडर्स ने पूर्वांचल के 'मानसून टूरिज्म' को दी नई पहचान

Gargachary Times 24 August 2026, 19:31 38 views
Varanasi
चुनार से राजदरी तक 80 राइडर्स ने पूर्वांचल के 'मानसून टूरिज्म' को दी नई पहचान
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने पूर्वांचल के 'अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों' को युवाओं और वीकेंड यात्रियों के बीच लोकप्रिय बनाने की दिशा में एक और पहल की है। ‘विजिट माई स्टेट-उत्तर प्रदेश’ के तहत आयोजित ‘द राइडिंग चैप्टर्स’ के दूसरे संस्करण में करीब 80 बाइक राइडर्स ने दो दिन में सारनाथ, चुनार, देवदरी और राजदरी जैसे प्रमुख स्थलों की यात्रा की। इस राइड का उद्देश्य सिर्फ बाइक यात्रा कराना नहीं, बल्कि पूर्वांचल को एक आकर्षक वीकेंड टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में सामने लाना था। राइडर्स ने सुल्तानपुर और जौनपुर होते हुए सारनाथ पहुंचकर बौद्ध विरासत को जाना। इसके बाद ऐतिहासिक चुनार किले का भ्रमण किया और वाराणसी में रात्रि विश्राम किया। दूसरे दिन राइडर्स ने शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और गंगा आरती के बाद देवदरी और राजदरी का रुख किया। मानसून के बीच हरियाली, घुमावदार सड़कें और जलप्रपातों ने इस सफर को रोमांचक बना दिया। राजदरी का प्राकृतिक सौंदर्य राइडर्स के लिए यात्रा का खास आकर्षण रहा। राइडर्स बोले- यात्रा का अलग अनुभव राइडर हर्षवर्धन गुप्ता ने राजदरी तक के सफर को यादगार बताते हुए कहा, “हरियाली, घुमावदार सड़कें और बदलता भू-दृश्य पूरे सफर को खास बना रहे थे। राजदरी पहुंचकर लगा कि पूरा सफर सार्थक हो गया। उत्तर प्रदेश का यह एक बिल्कुल अलग और खूबसूरत रूप है।” कानपुर के ब्रदरहुड बाइकर्स क्लब के के.आर हसन इस्लाम ने कहा, “हम आमतौर पर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों के बारे में सुनते हैं, लेकिन इस राइड ने दिखाया कि पूर्वांचल में घूमने के लिए बहुत कुछ है। चुनार किला और राजदरी ने एक ही यात्रा में बिल्कुल अलग अनुभव दिए।” प्रतिभागी हेमंत ने राइड की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा, “पुलिस एस्कॉर्ट, एंबुलेंस सहायता और पूरे रूट पर बेहतर प्रबंधन ने यात्रा को काफी सहज बनाया। सुरक्षा को लेकर भरोसा रहा, जिससे हम कम यात्रा किए जाने वाले रास्तों का भी पूरा आनंद ले सके।” अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्माथ कार्य अमृत अभिजात ने कहा कि, "पूर्वांचल में एक मजबूत वीकेंड टूरिज्म बेल्ट बनने की क्षमता है। वाराणसी आने वाले पर्यटकों को चुनार, देवदरी, राजदरी और आसपास के अन्य स्थलों से जोड़कर उनकी यात्रा को और व्यापक बनाया जा सकता है। इससे पर्यटकों का ठहराव बढ़ेगा और पर्यटन का आर्थिक लाभ अधिक क्षेत्रों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि इन पर्यटन केंद्रों के साथ 'अल्पज्ञात स्थलों' को जोड़कर नए पर्यटन सर्किट और वीकेंड डेस्टिनेशन विकसित करना पर्यटन विभाग की प्राथमिकताओं में है।" ‘द राइडिंग चैप्टर्स’ के पहले संस्करण में राइडर्स ने कालिंजर तक का सफर किया था। दूसरे संस्करण के माध्यम से पूर्वी यूपी की विरासत, आस्था, वन क्षेत्रों और प्राकृतिक स्थलों को रोड ट्रिप के अनुभव से जोड़कर नई पर्यटन पहचान देने का प्रयास किया गया है।
Follow Samachar24