Loading...

रक्षाबंधन पर 550 महिलाओं को बांटी साड़ी और मिष्ठान, नि:शुल्क बस सेवा का किया शुभारंभ

Gargachary Times 26 August 2026, 20:43 45 views
Firozabad
रक्षाबंधन पर 550 महिलाओं को बांटी साड़ी और मिष्ठान, नि:शुल्क बस सेवा का किया शुभारंभ
फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर रक्षाबंधन के अवसर पर मातृशक्ति को सम्मान देते हुए प्रदेश में महिलाओं के लिए नि:शुल्क बस सेवा शुरू की गई। इसके उपलक्ष्य में बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति रहे। कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, मेयर कामिनी राठौर, महानगर उपाध्यक्ष रामनरेश कटारा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।मुख्य अतिथि मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने महिला सशक्तिकरण के तीन प्रमुख आयामों सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। रक्षाबंधन पर प्रदेश की बहनों को नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा दी गई है। वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा स्थायी रूप से उपलब्ध कराई गई है। सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि सरकार ने रक्षाबंधन पर तीन दिनों के लिए प्रदेश की बहनों को नि:शुल्क बस यात्रा का तोहफा दिया है। उन्होंने महिलाओं से देश के सैनिकों को भी रक्षा सूत्र बांधने का आह्वान किया। टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर योजना और महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। मेयर कामिनी राठौर और भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने भी विचार रखे। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी महिलाओं से मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जुड़वाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में मंत्री, जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी ने 550 महिलाओं को उपहार स्वरूप साड़ी और मिष्ठान वितरित किया। इनमें मधु देवी, मीरा देवी, शारदा देवी, हेमलता, मीना देवी, कांता देवी, राधा देवी, रितु देवी, ज्ञान देवी, सुनीता देवी, राघनी और संजू देवी सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सुदर्शन कुमार सहित अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24