Loading...

लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना का भव्य शुभारंभ, 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगी आजीवन निःशुल्क बस यात्रा

Gargachary Times 26 August 2026, 20:43 54 views
Mathura
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना का भव्य शुभारंभ, 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगी आजीवन निःशुल्क बस यात्रा
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना का शुभारंभ करते हुए विशेष बसों को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मथुरा के बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज सभागार में देखा गया। इस दौरान जनपद की करीब 500 माताओं एवं बहनों को साड़ी और मिष्ठान वितरित कर मातृशक्ति सम्मान समारोह मनाया गया। बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी ने की। कार्यक्रम में विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में माताएं एवं बहनें मौजूद रहीं। मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ महिलाओं को दवा अथवा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यात्रा करने में होने वाली असुविधा को देखते हुए सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी माताओं को अब आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक माताओं, बहनों और बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
Follow Samachar24