गुरुग्राम में युवती की हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म की धारा भी बढ़ी
Gargachary Times
28 August 2026, 20:54
65 views
Firozabad
फिरोजाबाद। गुरुग्राम में नौकरी करने वाली युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में थाना शिकोहाबाद पुलिस ने वांछित आरोपी नितिन उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल फोन, आरोपी का मोबाइल फोन और यौन उत्तेजक दवा की दो गोलियां बरामद की हैं। विवेचना के दौरान मुकदमे में दुष्कर्म की धारा 64(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त को युवती के पिता ने थाना शिकोहाबाद में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी गुरुग्राम में नौकरी करती थी और 26 अगस्त की रात उसने अभियुक्त राहुल पुत्र सीताराम के साथ होने की जानकारी परिजनों को फोन पर दी थी। अगले दिन उसकी मृत्यु की सूचना मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए राहुल व अन्य के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर थाना शिकोहाबाद में मुकदमा संख्या 664/2026 धारा 103(1) बीएनएस और 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नितिन उर्फ राहुल पुत्र गंगा सिंह उर्फ सीताराम, निवासी खटुवामई, थाना नगला खंगर, को छीछामई नहर पुल के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के पास से मृतका का नीले रंग का वीवो मोबाइल, काले रंग का सैमसंग मोबाइल तथा VIGORE 100 GERMED नामक दवा की दो गोलियां बरामद की हैं।पुलिस के मुताबिक अब तक की विवेचना, साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी द्वारा मृतका के साथ जबरदस्ती यौन संबंध बनाने और उसकी हत्या में संलिप्तता सामने आई है। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर एक अन्य आरोपी अभिषेक पुत्र प्रमोद कुमार निवासी सलेमपुर कर्खा, थाना नगला खंगर का नाम भी प्रकाश में आया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। साथ ही मृतका की सहेली की भूमिका की भी जांच की जा रही है।गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, उपनिरीक्षक धर्मपाल सिंह, ऋषभदेव भारद्वाज, फैशल खान तथा कांस्टेबल राजीव भाटी शामिल रहे।