टीवी डिबेट में कथित गाली-गलौज के विरोध में कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद का प्रदर्शन, राजू दास के पोस्टर जलाए
Gargachary Times
29 August 2026, 20:46
34 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
टीवी डिबेट के दौरान अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास महाराज द्वारा कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद को कथित तौर पर गाली दिए जाने के मामले में शनिवार को कुंवर सिंह निषाद और उनके समर्थकों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए राजू दास महाराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने राजू दास महाराज के पोस्टर लेकर विरोध जताया। इस दौरान पोस्टर जलाए गए और कुछ समर्थकों ने पोस्टर पर जूते-चप्पल मारकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सार्वजनिक मंच पर किसी व्यक्ति के खिलाफ अभद्र भाषा और गाली-गलौज का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है।
कुंवर सिंह निषाद ने आरोप लगाया कि टीवी डिबेट के दौरान उनके साथ आपत्तिजनक एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर महंत राजू दास महाराज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक मामले में उचित कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे और उन्होंने राजू दास महाराज के खिलाफ नारेबाजी की।